Kiren Rijiju Attack Rahul: “राहुल गांधी देश के लिए बड़ा खतरा, वे लोगों को…” किरण रिजिजू ने अब इन बयानों को लेकर राहुल को घेरा

0
403
kiren rijiju attack rahul

लंदन के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi Statements) के द्वारा दिए गए लेक्चर पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। बीजेपी के तमाम नेता उन्हें घेरते हुए राहुल पर देश की छवि को विदेशों में खराब करने का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। इस बीच अब केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू (Kiren Rijiju Attacks Rahul) ने राहुल के बयान पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट करते हुए राहुल गांधी को देश की एकता के लिए बड़ा खतरा बताया है।

शुभचिंतक का साझा किया वीडियो

केंद्रीय मंत्री ने एक वीडियो साझा किया. जिसमें खुद को राहुल गांधी का शुभचिंतक बताने वाले एक व्यक्ति उन्हें इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हैं। वे राहुल को समझाते हैं कि भारत को लेकर किसी और देश में बोलना सही नहीं है।

वीडियो में देखने मिल रहा है कि राहुल स्टेज पर बैठे हैं और एक व्यक्ति उनको इंदिरा का उदाहरण देते हुए सलाह देते हैं। वे कहते हैं- “आपकी दादी इंदिरा गांधी ने हमेशा मुझे आशीर्वाद दिया। वो मेरे लिए बड़ी बहन के जैसी थीं और एक बेहद ही शानदार महिला थीं। जब भारत में मोरार जी देसाई की सरकार थीं, तब इंदिरा जेल में सजा काटने के बाद लंदन आई थीं। यहां उसने उनके जेल के अनुभव के बारे में पूछा गया। तो उन्होंने साफ कहा था कि मैं यहां भारत के आंतरिक मामलों के बारे में कुछ नहीं बोलना चाहती हूं।“

वे आगे राहुल गांधी से कहते हैं- “लेकिन आप लगातार भारत पर हमले कर रहे हैं। मुझे भरोसा है कि आप अपनी दादी की बातों से कुछ सीखेंगे। मैं आपका शुभचिंतक हूं और आपको प्रधानमंत्री बनते देखना चाहता हूं।“

किरण रिजिजू का पलटवार

इसी वीडियो को शेयर करते हुए किरण रिजिजू ने राहुल पर निशाना साधा। उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट किए। पहली ट्वीट में उन्होंने लिखा- “राहुल गांधी जी हमारी बात नहीं सुनेंगे लेकिन मुझे आशा है कि वह अपने समर्पित शुभचिंतकों की बात सुनेंगे!”

एक दूसरी ट्वीट में किरण रिजिजू राहुल की एक और वीडियो साझा करते हैं। इसमें राहुल कहते नजर आ रहे हैं भारत में सिख, मुसलमान और ईसाई सभी धर्मों के लोग रहते हैं। ये सभी भारत के नागरिक हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी ऐसा नहीं मानते। वे इन्हें भारत में दोयम दर्जे का नागरिक मानते हैं।

इसको लेकर राहुल पर हमला बोलते हुए किरण रिजिजू कहते हैं- “कांग्रेस के इस स्वयंभू युवराज ने सारी हदें पार कर दी हैं। यह आदमी भारत की एकता के लिए बेहद खतरनाक हो गया है। अब वह लोगों को भारत को विभाजित करने के लिए उकसा रहा है। भारत के सबसे लोकप्रिय और प्रिय माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का एक ही मंत्र है ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’।

रिजिजू आगे कहते हैं- “भारत के लोग जानते हैं कि राहुल गांधी पप्पू हैं लेकिन विदेशी नहीं जानते कि वह वास्तव में पप्पू हैं। और उनके मूर्खतापूर्ण बयानों पर प्रतिक्रिया करना आवश्यक नहीं है लेकिन समस्या यह है कि उनके भारत विरोधी बयानों का भारत विरोधी ताकतों द्वारा भारत की छवि को खराब करने के लिए दुरुपयोग किया जाता है।“

कुछ इस तरह राहुल गांधी के लंदन दौरे के दौरान दिए गए बयानों पर विवाद थम नहीं रहा है।