Box Office Collection: 100 करोड़ के पार पहुंचा ‘तू झूठी मैं मक्कार’ का कलेक्शन, ‘ज्विगाटो’ और ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ का रहा ये हाल

0
344
Box Office Collection

Box Office Collection: बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ (Tu Jhoothi Main Makkar) का सक्सेस एन्जॉय कर रहे हैं। फिल्म को रिलीज के बाद से ही दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है और फैंस रणबीर-श्रद्धा की जोड़ी पर जमकर प्यार लुटाते नजर आ रहे हैं। बीते हफ्ते 50 करोड़ के कलेक्शन का आंकड़ा पार करने के बाद अब आखिरकार 12 वें दिन ‘तू झूठी मैं मक्कार’ ने 100 करोड़ के कलेक्शन का आंकड़ा भी पार कर लिया है। खास बात यह है कि कपिल शर्मा और रानी मुखर्जी की फिल्म की रिलीज के बावजूद रणबीर-श्रद्धा की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ रही है।

100 करोड़ के पार पहुंचा TJMM का कलेक्शन

रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ रिलीज के 12वें दिन 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है। पहले वीकेंड पर धमाकेदार कमाई करने के बाद फिल्म के कलेक्शन में कमी जरूर आई थी, लेकिन दूसरे वीकेंड पर एक बार फिर फिल्म के कलेक्शन में इजाफा देखने को मिला और इसी के साथ फिल्म ने 100 करोड़ रुपए के कलेक्शन का आंकड़ा भी पार कर लिया है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श की रिपोर्ट के मुताबिक ‘तू झूठी मैं मक्कार’ ने जहां शुक्रवार को 3.51 करोड़ के साथ धीमी कमाई की, वहीं शनिवार को फिल्म के कलेक्शन में इजाफा देखने को मिला। शनिवार को इस फिल्म ने लगभग 6.03 करोड़ की कमाई की। इसी के साथ फिल्म ने 100 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया, जिसके बाद रविवार को 7.16 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 109.14 करोड़ पहुंच गया।

वीकेंड पर भी पिटी ‘ज्विगाटो’, रानी मुखर्जी को मिला अच्छा रिस्पॉन्स

जहां एक तरफ ‘तू झूठी मैं मक्कार’ के कलेक्शन का आंकड़ा लगातार आगे बढ़ रहा है। वहीं बीते दिनों रिलीज हुई कपिल शर्मा की फिल्म ‘ज्विगाटो’ (Zwigato) वीकेंड पर भी फुस्स साबित हुई। जहां ओपनिंग डे पर फिल्म के कलेक्शन का आंकड़ा महज 43 लाख पर सिमट गया। वहीं शनिवार और रविवार को फिल्म 62 लाख और 79 लाख की कमाई कर पाई, जिसके साथ पहले वीकेंड तक फिल्म के कलेक्शन का आंकड़ा महज 1.84 करोड़ तक पहुंच पाया। इसके अलावा रानी मुखर्जी की फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ (Mrs. Chatterjee Vs. Norway) की बात करें तो एक्ट्रेस की इस फिल्म को वीकेंड पर ओपनिंग डे से अच्छा रिएक्शन मिला। फिल्म ने शुक्रवार को 1.27 करोड़ रुपए तो शनिवार को 2.26 करोड़ और रविवार को 2.89 करोड़ के साथ 3 दिनों में लगभग 6.42 करोड़ का कलेक्शन किया है। बीते हफ्ते रिलीज हुई इन फिल्मों के ऊपर ‘तू झूठी मैं मक्कार’ का दबदबा साफ-साफ नजर आया। ऐसे में इस हफ्ते पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।