Odisha Rail Accident: अब तक 288 लोगों की मौत, 1000 घायल… ओडिशा रेल हादसे पर बड़ी अपडेट्स

0
440
odisha accident

शुक्रवार शाम को ओडिशा के बालासोर में बड़ा और दर्दनाक ट्रेन हादसा हो गया। बहनागा स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस और मालगाड़ी की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोरोमंडल एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। इसके बाद एक अन्य ट्रेन यशवंतपुर-हावड़ा सुपरफास्ट पटरी से उतरे डिब्बों से टकराई। तीन ट्रेनों के बीच हुए इस हादसे में अब तक 288 लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की संभावना है। वहीं बहुत बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। अब तक एक हजार के करीब लोगों के घायल होने की खबर है। कई लोग मलबे में फंसे हुए हैं।

odisha train accident 2

अब तक 288 लोगों की मौत

भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने बताया कि अब तक 1000 लोगों के घायल होने की सूचना है, उनका इलाज जारी है। वहीं 288 लोगों के शव बरामद हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। NDRF, ODRAF और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद हैं।

राहत-बचाव कार्य जारी

बालासोर ट्रेन दुर्घटना के बाद बचाव अभियान जारी है। NDRF की 7, ODRAF की 5 और दमकल की 24 यूनिट रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस और स्वयंसेवक भी खोज और बचाव की कोशिश में जुटी है। लगभग 200 एंबुलेंस तैनात की गईं हैं। 45 मोबाइल स्वास्थ्य दल भी तैनात हैं। साथ ही 50 और डॉक्टर इलाज में जुटे हुए हैं। एससीबी के 25 डॉक्टरों की टीम जुटी है।

odisha train accident

पीएम ने जताया दुख, बुलाई बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस रेल हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- “ओडिशा में ट्रेन हादसे से व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल व्यक्ति जल्द स्वस्थ हों। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। ताजा अपडेट के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी ने रेल हादसे के संबंध में हालात की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई है।

हादसे की होगी जांच

वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा की ट्रेन दुर्घटना को लेकर मुआवजे की घोषणा की। वैष्णन ने कहा कि ओडिशा में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण ट्रेन हादसे में मरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 10 लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो लाख रुपये और मामूली घायलों को 50,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। रेल मंत्री ने घटनास्थल पर पहुंचने के बाद कहा कि हादसे की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है, जो इसकी जांच करेगी। अभी पूरा फोकस रेस्क्यू पर है, जो लोग घायल हुए हैं, उनके बेहतर इलाज के लिए टीमें जुटी हैं। कमिश्नर रेल सेफ्टी को भी हादसे की जांच के लिए कहा गया है।

ओडिशा में एक दिन का राजकीय शोक घोषित

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक बालासोर में दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद दुर्घटना है। मैं स्थानीय लोगों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने रातभर लोगों को बचाया। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही सीएम नवीन पटनायक ने 3 जून को राज्य में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है, इसलिए पूरे राज्य में कोई उत्सव नहीं मनाया जाएगा।