Maharashtra Election Result: महाराष्ट्र में रुझानों में बीजेपी गठबंधन को भारी बढ़त मिली है। सीएम की रेस में देवेंद्र फडणवीस का पलड़ा भारी दिख रहा है। दरअसल, महाराष्ट्र में भाजपा 145 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और वो 127 सीटों पर आगे चल रही है। इन सबके बीच महायुति ने कल विधायक दल की बैठक बुलाई है। 25 नवंबर को BJP का विधायक दल का नेता चुना जाएगा। 26 को महायुति सरकार गठन के लिए दावा पेश करेगी।
भाजपा की जीत का स्ट्राइक रेट काफी ज्यादा
गौरतलब है कि भाजपा का जीत का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा है। वहीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना 81 सीटों पर लड़कर 53 सीटों पर आगे चल रही है। ऐसे में देखना होगा कि महाराष्ट्र में कौन मुख्यमंत्री बनने वाला है। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी के पिछड़ने पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि कुछ तो गड़बड़ है। ये लोगों की राय नहीं है। ये फैसला हुआ है। ये जनता का फैसला नहीं है।
शिंदे को दोबारा सीएम बना सकती है भाजपा
बता दें कि भाजपा ने पिछली बार फडणवीस को डिप्टी सीएम बनाकर चौंकाया था, हालांकि देवेंद्र खुद सरकार में शामिल नहीं होना चाहते थे, लेकिन आलाकमान के दबाव के बाद उन्होंने अपना फैसला पलटा था। वहीं, एकनाथ शिंदे को भी सीएम बनने की रेस में पीछे नहीं माना जा सकता है। शिंदे ने शिवसेना को तोड़कर उद्धव ठाकरे को सबसे बड़ा झटका दिया था। इसी कारण भाजपा उन्हें इनाम दे सकती है। वहीं, महायुति की एकता को बनाए रखने के लिए भी भाजपा शिंदे को ही दौबारा सीएम बना सकती है। भाजपा नहीं चाहती कि कोई बगावत करे।