कर्नाटक : पूर्व CM बंगारप्पा के बेटे फिर आए आमने-सामने, सोरब सीट पर लड़ेंगे चुनाव

0
581
Karnataka Assembly Election 2023

Karnatka News : कर्नाटक के दिवंगत मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा के दो बेटे अपने पिता की राजनीतिक विरासत को हासिल करने के लिए विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। बंगारप्पा के पुत्रों में से एक जहां अपने पिता की पारंपरिक पार्टी कांग्रेस के लिए चुनाव लड़ेगा, तो वहीं दूसरा पुत्र भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। कुमार बंगारप्पा और मधु बंगारप्पा दोनों शिमोगा जिले के सोराब विधानसभा क्षेत्र से आमने- सामने चुनाव लड़ रहे हैं।

दो भाईयों के बीच कड़ी टक्कर

आपको बता दें कि लोकसभा के लिए चुने जाने से पहले, एस बंगारप्पा ने वर्ष 1967 से 1994 तक इस सीट पर कब्जा किया हुआ था। जहां कुमार भाजपा के टिकट पर सोराब से विधायक के रूप में फिर से चुनाव लड़ रहे हैं, तो वहीं उनके छोटे भाई मधु कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें चुनौती दे रहे हैं। इससे पहले इसी सीट के लिए 2018 के विधानसभा चुनाव में कुमार ने मधु को 3,286 मतों से हराया था।

कुमार ने 2018 चुनाव से पहले भाजपा का थामा था हाथ

आपको बता दें कि 2018 के चुनाव से पहले, कुमार कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उस समय सोराब से विधायक मधु जद (एस) से फिर से चुनाव लड़ रहे थे। मधु बंगारप्पा साल 2021 में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। जानकारी के मुताबिक, भाइयों की प्रतिद्वंद्विता से परे, दोनों के बीच का संघर्ष अक्सर पारिवारिक झगड़े का रूप भी ले लेता है। इससे पहले दोनों भाईयों ने 2004 में भी चुनाव लड़ा था, जब एस बंगारप्पा जीवित थे।

Haryana : पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने साधा सरकार पर निशाना, कहा- भ्रष्टाचार में लिपत हैं बीजेपी-जेजेपी 

4 बार सोराब सीट के लिए चुने गए कुमार

बहरहाल कुमार 4 बार सोराब सीट के लिए चुने जा चुके हैं। वर्ष 1996 (उपचुनाव), 1999, 2004 और 2018 में। उन्होंने कैबिनेट में भी काम किया। मधु इस सीट से 2013 में चुने गए थे। आपको बता दे कि दोनों भाई पहले कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए थे। मधु कन्नड़ सिनेमा में एक अभिनेता और फिल्म निर्माता दोनों थे, जबकि कुमार केवल एक अभिनेता थे।