
धोनी को टीम इंडिया में मिल सकता है नया रोल, सामने आया बड़ा अपडेट
2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए BCCI एक्शन मूड में है। टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में भारत को बुरी तरह से हार मिली थी। इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से हार मिलने के बाद भारत का टी20 विश्व कप में ट्रॉफी हासिल करने का सपना अधूरा रह गया। आईसीसी की इस बड़ी ट्रॉफी को पाने में नाकाम रहने के बाद अब तैयारी अगले साल की है। इसी क्रम में भारतीय क्रिकेट टीम में आने वाले दिनों में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
इस साल के वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ के ऊपर कई तरह के दबाव देखने को मिले। इसी दबाव को कम करने के लिए BCCI जल्द ही कोई निर्णय ले सकता है। बताया जा रहा है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को एक अलग रोल दिया जा सकता है जो राहुल द्रविड़ से भी पद में बड़ा होगा। हालांकि इस बात की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
दरअसल, ‘द टेलीग्राफ’ ने BCCI सूत्रों के हवाले से बताया कि महेंद्र सिंह धोनी को भारतीय क्रिकेट टीम में कोच राहुल द्रविड़ से भी बड़ा पद मिल सकता है। बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक कोच राहुल द्रविड़ के ऊपर वर्कलोड कम करने के लिए कोचिंग की जिम्मेदारी को बांटा जाएगा। ऐसे में BCCI महेंद्र सिंह धोनी को ‘डॉयरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ नियुक्त कर सकता है।
महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए क्रिकेट में काफी कुछ किया है। अभी तक के भारतीय टीम के सबसे सक्सेसफुल कैप्टेन रहें है। इन्होने अपनी कप्तानी में भारत को वनडे और टी20 में एक-एक वर्ल्ड कप जिताया है। भारत ने इनकी कप्तानी में साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था तो वहीं 2011 में वनडे वर्ल्ड कप भी उठाया था। धोनी की कप्तानी में भारत ने साल 2013 में आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब भी जीता था।
धोनी को अनुभव है कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट्स कैसे जिताए जाते हैं। मालूम हो कि महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। ऐसे में अब BCCI चाहता है कि टीम इंडिया को धोनी के अनुभव का पूरा फायदा मिले।