Delhi Assembly Elections 2025: शुरुआती रुझान में बीजेपी आगे, आप की मुश्किलें बढ़ीं

0
391
Delhi Assembly Elections 2025

Delhi Assembly Elections 2025 की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। राजधानी के 11 जिलों में बनाए गए 19 केंद्रों पर वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) पिछड़ती नजर आ रही है। बीजेपी 42 सीटों पर आगे चल रही है और बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है। वहीं, आप 22 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अभी तक केवल पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है, इसलिए आगे के रुझान बदल सकते हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि प्रत्येक केंद्र का प्रभार एडीसीपी को सौंपा गया है। इसके अलावा, 19 केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) की 38 कंपनियां तैनात की गई हैं। स्थानीय पुलिस भी प्रत्याशियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है ताकि मतगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

ये भी पढ़े:-Delhi : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप को नकली आधार कार्ड और जातिप्रमाण पत्र मामले पर घेरा

मतदान प्रतिशत और मतदाताओं की संख्या

इस बार दिल्ली में कुल 60.42% मतदान हुआ, जो कि 2020 के विधानसभा चुनाव से कम है। राजधानी में कुल 1.56 करोड़ मतदाता हैं, जिनके लिए 13,766 मतदान केंद्र बनाए गए थे। चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा, लेकिन 5 फरवरी को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

हॉट सीटों पर मतदान का हाल

दिल्ली की 70 में से 10 विधानसभा सीटें बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। इनमें मतदाताओं का उत्साह कुछ खास नहीं दिखा।

  • मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नई दिल्ली सीट पर 56.41% मतदान हुआ।
  • आप नेता आतिशी की कालकाजी सीट पर 54.59% वोटिंग हुई।
  • पटपड़गंज सीट पर 60.70% मतदान दर्ज किया गया।
  • मनीष सिसोदिया की जंगपुरा सीट पर 57.42% वोट पड़े।
  • सौरभ भारद्वाज की ग्रेटर कैलाश सीट पर 54.50% मतदान हुआ।