दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए बसपा भी तैयार, जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची

0
300
MCD ELECTION 2022
MCD ELECTION 2022

राजधानी दिल्ली में एमसीडी चुनाव का ऐलान हो गया है। चुनाव के ऐलान के साथ ही राजनीतिक पार्टियों ने अपना चुनाव प्रचार अब और भी तेज कर दिया है। विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवार लगातार नामांकन भी कर रहे हैं। दिल्ली नगर निगम चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच नजर आ रहा है तो वहीं कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दल भी जमकर चुनाव प्रचार में लगे हैं। इसी बीच बहुजन समाजवादी पार्टी ने भी दिल्ली एमसीडी इलेक्शन के लिए अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। दरअसल, बसपा ने दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है और बाकी बची सीटों पर भी जल्द ही उम्मीदवारों का ऐलान किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बसपा भी तैयार

राजनीति के जानकार मान रहे हैं कि बसपा की दिल्ली नगर निगम चुनाव में एंट्री मुकाबले को रोमांचक बना सकती है। बहुजन समाजवादी पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर अशोक सिद्धार्थ और दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बसपा के दिल्ली निकाय चुनाव में भाग लेने को लेकर कहा है कि दिल्ली नगर निकाय चुनाव पार्टी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी और भाजपा से जनता ऊब चुकी है और ये पार्टियां दिल्ली के लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब बहुजन समाजवादी पार्टी की ओर देख रही है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में बहुजन समाजवादी पार्टी बड़ी जीत हासिल करेगी।

7 को आएंगे नतीजे

इसी बीच जानकारी सामने आई है कि दिल्ली नगर निगम चुनाव के मद्देनजर बहुजन समाजवादी पार्टी द्वारा पहली लिस्ट जारी किए जाने के बाद दूसरी सूची शुक्रवार शाम या शनिवार को जारी की जा सकती है। बता दें कि दिल्ली नगर निगम चुनाव का ऐलान हो गया है और दिल्ली नगर निगम चुनाव 4 दिसंबर को होंगे। परिसीमन के बाद दिल्ली में वार्डों की संख्या अब 250 रह गई है जो कि पहले 272 थी। दिल्ली नगर निगम चुनाव के परिणाम का ऐलान 7 दिसंब को किया जाएगा।