Budget Session 2025: संसद का बजट सत्र आज से शुरू, पीएम मोदी ने विपक्ष पर कसा तंज

0
342
Budget Session 2025 PM Modi took a dig at the opposition

Budget Session 2025: शुक्रवार यानी आज से संसद के बजट सत्र का आगाज हो रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार को बजट पेश करेंगी। इससे पहले पीएम मोदी ने संसद के बाहर मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को प्रणाम करते हुए अपनी बात को रखा। पीएम ने कहा कि इस बजट से विकसित भारत का विश्वास बढ़ेगा। बता दें कि इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया।

सामूहिक प्रयासों से इस संकल्प को पूरा करेंगे – पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमारे गणतंत्र ने 75 साल पूरे कर लिए हैं। यह देश के हर नागरिक के लिए बहुत गर्व की बात है। इस देश के लोगों ने मुझे तीसरी बार ये जिम्मेदारी दी है और ये इस तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट है। मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047 में जब आजादी के 100 साल होंगे, विकसित भारत का जो संकल्प इस देश ने लिया है उस दिशा में यह बजट सत्र, यह बजट एक नया विश्वास पैदा करेगा, नई ऊर्जा देगा कि देश जब आजादी के 100 साल मनाएगा तब विकसित होकर रहेगा। 140 करोड़ देशवासी अपने सामूहिक प्रयासों से इस संकल्प को पूरा करेंगे।”

इस दौरान विपक्ष को लेकर अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से लेकर अब तक के समय में शायद यह पहला ऐसा संसद सत्र है जिसमें एक-दो दिन पहले विदेशी चिंगारी नहीं सुलगी। पहली बार आग लगाने की कोशिश नहीं की गई। यहां पर चिंगारी को हवा देने वालों की कोई कमी नहीं है। इससे पूर्व सत्र से पहले शरारत के लिए लोग तैयार बैठे रहते थे।

Budget Session 2025: संसद का बजट सत्र आज से शुरू, पीएम मोदी ने विपक्ष पर कसा तंज
Budget Session 2025

अर्थव्यवस्था की दशा व दिशा बताने वाला प्रपत्र

बता दें कि देश की अर्थव्यवस्था की दशा व दिशा बताने वाला यह महत्वपूर्ण प्रपत्र होता है। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संयुक्त संबोधन से होगी। उसके बाद सरकार की ओर से आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा। शनिवार (एक फरवरी) को वित्त मंत्री सीतारमण आम बजट 2025-26 पेश करेंगी। आम बजट के बारे में माना जा रहा है कि इसमें देश की अर्थव्यवस्था में सुस्ती को दूर करने के साथ ही घरेलू अर्थव्यवस्था में मांग व रोजगार को बढ़ाने वाले उपायों पर खास जोर होगा।

ये भी पढ़ें: Budget Session: 62 विधेयक पेश होने से पहले क्या अखाड़े में तब्दील हो जायेगा संसद, जाने कहां आ सकती हैं दिकक्तें