खतरनाक रूप ले रहा है H3N2 वायरस ? अब इस राज्य में हुई एक महिला की मौत

H3N2 virus

कोरोना के बाद अब एक और वायरस देश के लोगों की टेंशन बढ़ा रहा है। H3N2 वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसको लेकर लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इस बीच गुजरात से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, गुजरात में H3N2 वायरस से पहली मौत हो गई है।

गुजरात में पहली मौत

जी हां, गुजरात के वडोदरा शहर से 58 वर्षीय एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक H3N2 वायरस का शिकार हुई महिला को दो दिन पहले  सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान ही महिला ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि महिला हाइपरटेंशन की मरीज थी।

यह भी पढ़ें: Dry Cough Remedies : H3N2 वायरस से ठीक होने के बाद सूखी खांसी से हैं परेशान? तो अपनाकर देखें ये देसी उपाय

अब तक तीन लोगों ने गंवाई जान

H3N2 इन्फ्लूएंजा वायरस से ये गुजरात में पहली और देश में तीसरी मौत का मामला सामने आया है। इससे पहले दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हरियाणा और कर्नाटक से एक-एक व्यक्ति ने इस वायरस के कारण अपनी जान गंवाई। कर्नाटक में 82 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई थी। वो दूसरी बीमारियों का भी शिकार थे। वहीं हरियाणा में 52 साल के शख्स की मृत्यु का मामला सामने आया था, जो लिवर कैंसर से पीड़ित थे।

गौरतलब है कि H3N2 इंन्फ्लूएंजा वायरस के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी होती हुई दिख रही है। देश में जनवरी से लेकर इस वायरस के 9 मार्च तक 3084 केस सामने आ चुके हैं। इसमें जनवरी में 1245 मामले, फरवरी में 1307 मामले और 9 मार्च तक 486 मामले शामिल हैं।

बच्चों-बुजुर्गों को खतरा ज्यादा

डॉक्टरों के अनुसार H3N2 इन्फ्लूएंजा A का एक सब टाइप है, जो इस बार काफी एक्टिव हो गया। वायरस का शिकार होने वाले मरीजों में आमतौर पर सर्दी-जुकाम के ही लक्षण दिखते हैं। हालांकि ये धीरे-धीरे मरीज के फेफड़ों तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को सांस लेने में भी समस्या हो सकती है। 5 साल से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को इससे अधिक खतरा है, क्योंकि उनकी इम्युनिटी कमजोर होती है।

वहीं इस बीच देश में कोरोना केस भी एक बार फिर से बढ़ते दिखने लगे हैं। 13 मार्च को 524 नए मामले सामने आए थे, जो 113 दिनों बाद आए सबसे अधिक केस थे।

यह भी पढ़ें: H3N2 Virus : दिल्ली में फैला H3N2 वायरस का प्रकोप, जानिए लक्षण और बचाव के तरीके

Exit mobile version