ओडिशा: जादू-टोने के कारण दंपति की हत्या, आधी रात को दिया घटना को अंजाम

black magic

black magic

ओडिशा के क्योंझर जिले में 11 दिसंबर को सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जादू टोने के कारण अज्ञात बदमाशों ने 45 साल के व्यक्ति और उसकी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस का दावा है कि दोहरे हत्याकांड को अंजाम जादू टोना करने के संदेह में दिया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उनके खून से लथपथ शव रविवार सुबह दैतारी थाना क्षेत्र के रसूल झुमुकीपतिया साही गांव में उनके घर के बाहर मिले। क्योंझर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मित्रभानु महापात्रा ने पीटीआई ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या के पीछे जादू टोना करने का संदेह था। उन्होंने कहा कि इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। महापात्रा ने बताया कि आगे की जांच चल रही है।

 

दंपति की बेटी सिंगो ने बताया

मृतक दंपति की बेटी सिंगो ने बताया कि शनिवार की रात उसके पिता बहदा मुर्मू और उनकी 35 वर्षीय पत्नी धानी अपने कमरे के बाहर सो रहे थे और सिंगो अंदर एक कमरे में सो रही थी। सिंगो ने बताया कि चीख सुनकर वह बाहर आई और देखा कि उसके माता-पिता खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद उसने अपने चाचा मरांडी को फोन किया और घटना की जानकारी दी।

 

सिंगो के चाचा मरांडी ने घटना के बारे में कहा कि मुझे सिंगो ने रात लगभग साढ़े 12 बजे फोन किया। मैं अपने बड़े बेटे के साथ मोटरसाइकिल से गांव पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। घटना के बाद मृतक दंपति की बेटी सिंगो सदमे में है। वहीं आस-पास के लोग इस घटना को सुनकर हैरान हैं।

Exit mobile version