Karnataka Result 2023 Live: कौन जीत रहा कर्नाटक की चुनावी जंग? यहां जानिए नतीजों से जुड़ा ताजा हाल…

karnataka result

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के आज परिणाम का दिन है। कौन कर्नाटक की सियासी बाजी मारेगा, आज ये साफ होने जा रहा है। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। रुझानों की बात करें तो कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं बीजेपी पिछड़ती हुई नजर आ रही है। जानिए चुनाव नतीजों से जुड़ा ताजा हाल…

05:50pm- प्रियंका ने जताया जनता का आभार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कर्नाटक की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता समस्याओं के समाधान की राजनीति चाहती है। हिमाचाल और कर्नाटक ने दिखाया कि ध्यान भटकाने की राजनीति के लिए कोइ जगह नहीं है। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों पर जनता ने वोट किया।

05:25pm- पीएम मोदी ने दी कांग्रेस को बधाई

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने लिखा- “कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत पर कांग्रेस पार्टी को बधाई। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उनको मेरी शुभकामनाएं।”

05:18pm- हार पर मंथन करेगी बीजेपी- बोम्मई

कर्नाटक चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने हार की जिम्मेदारी ली और कहा कि पार्टी मीटिंग में इस पर चर्चा की होगी कि आखिर हमारे खिलाफ क्या गया? बोम्मई ने कहा कि अंदरूनी लड़ाई के साथ कुछ और भी कारण थे जिसकी वजह से ऐसा हुआ। उन्होंने कहा कि अब पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटेगी। इसके साथ ही उन्होंने शिगांव विधानसभा सीट से चौथी बार जीत दिलाने के लिए जनता का शुक्रिया अदा भी किया।

02:56pm- ‘नफरत का बाजार बंद हुआ, मोहब्बत की दुकानें खुली’

कर्नाटक चुनाव नतीजों से कांग्रेस गदगद है। राज्य में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। इस बीच अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। राहुल ने कहा कि हम गरीबों के मुद्दे पर लड़े। हमने मोहब्बत से प्यार से यह लड़ाई लड़ी। कर्नाटक की जनता ने हमें दिखाया कि मोहब्बत इस देश को अच्छी लगती है। कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ है, मोहब्बत की दुकानें खुली हैं। यह सबकी जीत है। यह कर्नाटक की जनता की जीत है। साथ ही राहुल ये भी बोले कि चुनाव में हमने कर्नाटक की जनता से 5 वादे किए थे। इन वादों को पहले दिन, पहली कैबिनेट में पूरा किया जाएगा।

02:06pm- 14 सीटों पर जीतीं कांग्रेस, 122 पर चल रही आगे

चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार अब तक कांग्रेस 14 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है, वहीं पार्टी 122 सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा राज्य में BJP ने अब तक सात सीटे जीतीं और वो फिलहाल 58 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। JDS की बात की जाए तो उसने एक सीट पर जीत हासिल की और 18 सीटों पर फिलहाल आगे हैं।

02:02pm- मैंने वादा पूरा किया- डीके शिवकुमार

मतगणना के बीच कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा है कि मैंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से वादा पूरा किया है। मैं अखंड कर्नाटक की जनता से उनके पैरों में पड़कर आशीर्वाद मांगता हूं और उन्हें समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हम पर लोगों ने भरोसा किया और वोट दिया। मैं नहीं भूल सकता, जब सोनिया गांधी मुझसे मिलने के लिए जेल आई थीं। मैं विश्वास दिखाने के लिए गांधी परिवार और सिद्धारमैया समेत सभी पार्टी नेताओं का धन्यवाद करता हूं।

12:55pm- 129 सीटों पर कांग्रेस को बढ़त

रुझानों के मुताबिक कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनती नजर आ रही है। मतगणना जारी है। फिलहाल कांग्रेस पार्टी 129 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि बीजेपी केवल 66 सीटों पर ही बढ़त बनाए हुए है। JDS 22 सीटों और अन्य 7 सीटों पर आगे हैं।

12:48pm- प्रधानमंत्री हार गए- जयराम रमेश

कर्नाटक चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे कर्नाटक चुनाव का परिणाम अंतिम रूप ले रहा है, वैसे-वैसे स्पष्ट होता जा रहा है कि कांग्रेस जीत गई है और प्रधानमंत्री हार गए हैं। BJP ने अपने चुनाव अभियान को पीएम और राज्य को उनका ‘आशीर्वाद’ मिलने को लेकर जनमत संग्रह बना लिया था। इसे स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया गया है।

12:32pm- मजबूती से वापसी करेंगे- बोम्मई

कर्नाटक चुनाव में जारी मतगणना के बीच मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा है कि हम आगे बढ़ेंगे। हम और मजबूती से वापसी करेंगेय़ लोकसभा चुनाव में मजबूती से वापसी करेंगे। हम पार्टी संगठन को दोबारा खड़ा करेंगे। इन नतीजों की समीक्षा होगी। देखेंगे कि कहां कमी रह गई।

11:54am- एमपी-राजस्थान चुनाव में भी दिखेगा असर- गहलोत

कर्नाटक में जारी मतगणना के बीच राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक में जो माहौल दिखा था आज उसी का नतीजा कर्नाटक के चुनाव परिणाम में स्पष्ट दिख रहा है। यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,  राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने शानदार कैंपेन किया। कर्नाटक ने सांप्रदायिक राजनीति को नकार कर विकास की राजनीति को चुना है। आने वाले राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भी इसकी पुनरावृत्ति होगी।

11:40am- कांग्रेस का डर

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। रुझान कांग्रेस के पक्ष में जाते दिख रहे हैं, जिसको लेकर दिल्ली से बेंगलुरु तक पार्टी ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया। इस बीच कांग्रेस को खरीद-फरोख्त का भी डर सता रहा है। मध्य प्रदेश के पूर्वन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि अभी तक जो खबर है कांग्रेस का बहुत अच्छा प्रदर्शन है। निश्चित तौर पर कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनेगी। BJP का प्रयास रहेगा कि अन्य पार्टियों से मिलकर खरीद फरोख्त करें।

11: 29am- बेंगलुरु में 50 कमरे बुक

रुझानों में कर्नाटक बहुमत के आंकड़ों को पार करती दिख रही है। इस बीच कांग्रेस विधायकों के लिए बेंगलुरु में हिल्टन होटल में 50 कमरे बुक किए गए हैं। कांग्रेस ने सभी जीते हुए प्रत्याशियों को रात 8 बजे होटल में पहुंचने के लिए कहा है। कल विधायक दल की बैठक होगी।

11:04 am- रुझानों में कांग्रेस को बहुमत

चुनाव आयोग के मुताबिक रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा है। 224 सीटों में से 223 पर सीटों पर रुझान सामने आ गए है। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार कांग्रेस को 114 सीटों पर बढ़त हासिल हो गई है। वहीं बीजेपी फिलहाल 71 सीटों और JDS 32 सीटों पर आगे चल रही है।

10:25am- कौन आगे, कौन पीछे? 

09:35am- बीजेपी नेता सदानंद गौड़ा का बयान

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा है। इस बीच BJP नेता सदानंद गौड़ा ने कहा है कि अभी कोई भी अंतिम फैसला देना जल्दबाजी होगी। 3-4 राउंड के बाद ही थोड़ा स्पष्ट होगा, लेकिन यह भी अंतिम नहीं है। हर चरण में कड़ी लड़ाई है क्योंकि हमारे विपक्षी दलों ने हाथ मिला लिए हैं।

09:22 am- रुझानों में कांग्रेस 100 सीटों पर आगे

कर्नाटक में एग्जिट पोल के अनुमान सही साबित होते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी 100 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं बीजेपी फिलहाल करीब 75 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

09:05am: बदल रहे हैं आंकड़े

शुरुआती रुझानों में आंकड़े तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। फिलहाल कांग्रेस करीब 51 सीटों पर आगे हो गई है, तो वहीं 43 सीटों पर बीजेपी और एक सीट पर जेडीएस आगे चल रही है।

08:35am- शुरुआती रुझान में BJP-कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर

कर्नाटक में 71 सीटों पर रुझान सामने आ गए हैं। शुरुआती रुझानों में BJP और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। BJP 32, कांग्रेस 31 पर आगे चल रही है।

08:22am- हमें बहुमत मिलेगा- बोम्मई

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि राज्य के लिए बड़ा दिन है। इस बार भी बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, हमें अपने कामों के आधार पर भरोसा है कि हमें बहुमत मिलेगा।

08:08am- कर्नाटक में मतगणना शुरू

कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीटों पर मतगणना शुरू हो गई। थोड़ी देर में रुझान आना शुरू हो जाएगा। इस बार कर्नाटक की सियासी जंग कौन जीतेगा, ये आज शाम तक साफ हो जाएगा।

07:50 am- मतगणना शुरू होने से पहले बोले कुमारस्वामी

JDS नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा मतगणना शुरू होने से पहले कहा है कि दो तीन घंटे का इंतजार कर लीजिए। सब साफ हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने उन खबरों का खंडन कर दिया था, जिसमें कहा जा रहा था कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने JDS से संपर्क किया है।

07:42 am- क्या कहते हैं एग्जिट पोल?

आपको बता दें कि 10 मई को कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था। कर्नाटक में बहुमत का आंकड़ा 113 है। तमाम एग्जिट पोल इस बार कांग्रेस नतीजे कांग्रेस के पक्ष में जाने का दावे कर रहे थे। एग्जिट पोल्स की मानें तो इस बार कर्नाटक में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है।

07:30am- कर्नाटक का पिछले 5 सालों का सियासी सफर

इस बीच अगर कर्नाटक के पिछले पांच सालों की राजनीति पर नजर डालें तो ये सफर काफी उथल-पुथल से भरा रहा। कर्नाटक ने पिछले पांच सालों में दो सरकारों और चार बार मुख्यमंत्रियों को बदलते देखा हैं। कर्नाटक में 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे, तब राज्य में BJP सबसे बड़ी पार्टी बनकर तो उभरी, फिर भी सत्ता हासिल से दूर रह गई। दरअसल, 2018 के चुनावों में बीजेपी के खाते में 104 सीटे गई थीं, जबकि कांग्रेस ने 78 और JDS ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की।

Exit mobile version