Shubh: फिर गरमाया शुभ और कंगना के बीच का विवाद, अब सिंगर ने एक्ट्रेस पर किया है पलटवार, क्या होगा कंगना का रिएक्शन?

Shubh

Shubh: पंजाबी सिंगर शुभ की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले खालिस्तानी हिंसा सपोर्ट और उसके बाद भारत की पूर्व दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी हत्याकांड का मजाक उड़ाने को लेकर लगातार उनकी आलोचनाओं का दौर बढ़ता ही नजर आ रहा है। इस मामले पर राजनीतिक पार्टियों ने तो शुभ की जमकर आलोचना की ही थी। साथ ही बॉलीवुड़ की धाकड़ गर्ल कंगना रनौत ने भी शुभ पर जमकर टिप्पणी करते हुए उनकी क्लास लगाई थी। ऐसे में अब आखिरकार शुभ ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है और कंगना पर पलटवार करते हुए अपनी सफाई दी है।

शुभ पर लगा था इंदिरा गांधी की मृत्यु का मजाक उड़ाने का आरोप

रिपोर्ट्स के अनुसार शुभ भारत की पूर्व दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मृत्यु का मजाक बना रहे थे क्योंकि उन्होंने मंच पर पंजाब के नक्शे पर इंदिरा गांधी की हत्या की तस्वीर और तारीख के साथ एक हुडी पहनी थी। हालांकि, बाद में कुछ खबरें सामने आई जिनमें बताया गया था कि वह हुडी शुभ पर किसी फैन द्वारा फेंकी गई थी।

कंगना रनौत ने शुभ की जमकर लगाई थी क्लास

इस घटना के बाद राजनीतिक पार्टियों के साथ-साथ कंगना रनौत भी शुभ पर खूब भड़की थीं। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए शुभ पर हमला किया था और लिखा था कि, ‘उन लोगों द्वारा एक वृद्ध महिला की कायरतापूर्ण हत्या का जश्न मनाना, जिसे उन्होंने अपना रक्षक नियुक्त किया था। जब आप पर सुरक्षा का भरोसा किया जाता है, लेकिन आप भरोसे और विश्वास का फायदा उठाते हैं और उन्हीं हथियारों का इस्तेमाल कर उन लोगों को मार देते हैं जिनकी रक्षा की जानी थी तो यह बहादुरी का नहीं बल्कि कायरता का शर्मनाक कृत्य है।’ वहीं इसके आगे कंगना ने कहा था कि, ‘एक निहत्थी और अनजान बुजुर्ग महिला पर इस तरह के कायरतापूर्ण हमले पर किसी को शर्म आनी चाहिए, एक महिला जो लोकतंत्र की चुनी हुई नेता थी, यहां महिमामंडन करने के लिए कुछ भी नहीं है, शुभम जी। शर्म आनी चाहिए।’

शुभ ने अपनी सफाई में कही ये बात

ऐसे में शुभ ने अब इस मामले पर अपनी सफाई देते हुए कहा है कि ‘चाहे मैं कुछ भी करूं, लोग मेरे खिलाफ कुछ न कुछ ढूंढ ही लेंगे। लंदन में मेरे पहले शो में दर्शकों ने मुझ पर ढेर सारे कपड़े, आभूषण और फोन फेंके। मैं वहां परफॉर्म करने के लिए था, यह देखने के लिए नहीं कि मुझ पर क्या फेंका गया और उस पर क्या है। टीम ने आप सभी के लिए परफॉर्म करने के लिए पिछले कुछ महीनों में बहुत कड़ी मेहनत की है। नफरत और नकारात्मकता फैलाना बंद करें।’

पहले भी शुभ पर कसा जा चुका है विवादों का घेरा

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ये पहला मौका नहीं है जब शुभ विवादों में घिरे हों, बल्कि इससे पहले भी अलगाववादी खालिस्तानी तत्वों का समर्थन करने के आरोपों के कारण उनका दौरा रद्द हो गया था, जिसमें उन्हें नई दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में परफॉर्म करना था।

Exit mobile version