T20 WC 2023 : हाईवोल्टेज मैच कल, जीत के साथ अभियान की शुरुआत करना चाहेगी टीम इंडिया

T20 WC 2023: IND W vs PAK W

T20 WC 2023 IND W vs PAK W: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत 10 फरवरी से साउथ अफ्रीका में शुरू हो चुकी है। ये महिला टी20 वर्ल्ड कप का 8वां संस्करण खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2009 में हुई थी और तब से ये फॉर्मेट चलते आ रहा है। शुक्रवार को हुए पहले मैच में श्रीलंका ने मेजबान साउथ अफ्रीका को 3 रन से हराया था। भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाएगा।

केपटाउन से अभियान की शुरुआत

10 टीमों के इस टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका के पास है। भारत बनाम पाकिस्तान मैच केपटाउन में खेला जाएगा। 12 फरवरी को भारतीय समय अनुसार शाम 6 बजकर 30 मिनट पर इस मुकाबले की शुरुआत होगी। इसके बाद टीम इंडिया की टक्कर 15 फरवरी को वेस्टइंडीज, 18 फरवरी को इंग्लैंड और 20 फरवरी को आयरलैंड से होगी।

टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें हैं। ग्रुप बी में इंग्लैंड, भारत, आयरलैंड, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज की महिला टीम को रखा गया है। ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने अभी तक 5 बार इस टूर्नामेंट को अपने नाम किया है। 2020 में टीम भारत को हराकर ही चैंपियन बनी थी। उससे पहले 2018, 2014, 2012 और 2010 में भी ऑस्ट्रेलिया ने खिताब जीता था।

इन सभी पर रहेंगी सबकी निगाहें

मैच में कई खिलाड़ियों पर सभी की निगाहें रहने वाली हैं। इनमें से एक स्मृति मंधाना भी हैं। मंधाना टीम की मुख्य बल्लेबाज हैं। वो अब तक भारत के लिए कुल 112 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं, जिसमें उन्होंने 27.32 की औसत और 123.13 के स्ट्राइक रेट से कुल 2651 रन बनाए हैं। वहीं टीम इंडिया की यंग ओपनर शेफाली वर्मा भी पाकिस्तान के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं। उन्होंने हाल ही में अपनी कप्तानी में भारतीय टीम को महिला अंडर-19 वर्ल्ड कप 2023 जिताया था।

पाकिस्तान की ओर से ऑलराउंडर निदा डार भारत के लिए मुश्किलें पैदा कर सकती हैं। निदा डार ने साल 2022 में बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 56.57 की औसत से 396 रन बनाए थे। पिछले साल एशिया कप के दौरान उन्होंने दमदार प्रदर्शन कर वाहवाही बटोरी थी। साथ ही पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ ने अब तक अपनी टीम के लिए कुल 129 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 26.66 की औसत और 90.87 के स्ट्राइक रेट से 2650 रन बनाए हैं।

 

Exit mobile version