सूर्यकुमार वर्ल्ड रिकॉर्ड से केवल 286 रन दूर, ताबड़तोड़ चल रहा बल्ला

Suryakumar Yadav

Suryakumar Yadav

कई साल इंतजार करने के बाद टीम इंडिया में शामिल सूर्यकुमार यादव का बल्ला ताबड़तोड़ चला है। एक के बाद एक रिकॉर्ड बनाते चले जा रहें है। इनकी बैटिंग की तारीफ लगातार हो रही है। मिस्टर 360 ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप 2022 में शानदार प्रदर्शन कर सुर्ख़ियों में रहें हैं। सूर्यकुमार टी20 विश्व कप 2022 में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे हैं। यादव फिलहाल आइसीसी टी20I रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं। अब उनके पास पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के एक और रिकॉर्ड को तोड़ने का सुनहरा मौका है।

 

न्यूजीलैंड दौरा भारत के लिए अहम है। वहां कप्तान हार्दिक पंड्या किस तरह से भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे, ये देखना दिलचस्प होगा। इस बार कई बड़े खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली इस मैच में उपलब्ध नहीं होंगे। इन सब की कमी टीम इंडिया को खल सकती है। भारत को मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला मैच 18 नवंबर को वेलिंगटन में भारतीय समयानुसार दोपहर 12 बजे खेला जाएगा।

 

सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बन सकते हैं बल्लेबाज

भारत के दिग्गज मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सूर्यकुमार के पास T20I में इतिहास को फिर से लिखने का मौका होगा। रिजवान के नाम एक साल में सबसे ज्यादा टी20I रन बनाने का रिकॉर्ड है। पाकिस्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 2021 में 1326 रन बनाए थे। सूर्यकुमार पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान से केवल 286 रन पीछे हैं।

 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज में सूर्या एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सूर्यकुमार ने इस साल 29 मैचों में 1040 रन बनाए हैं। सूर्या की नजर इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर इस रिकॉर्ड को तोड़ने पर होगी।

 

29 मैच में बनाए हैं 1040 रन

जिस फॉर्म में सूर्या अभी हैं उससे लगता है कि ये रिकॉर्ड बस कुछ ही कदम दूर है। हालांकि रिजवान के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए सूर्यकुमार के पास न्यूजीलैंड में केवल तीन मैच हैं। सूर्यकुमार इस साल एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 T20I रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं।

 

 

Exit mobile version