SL vs AFG: श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 6 विकेट से हराया, पॉइंट्स टेबल में इंग्लैंड से आगे

Srilanka blog image

आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के 32वें मुकाबले में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 6 विकेट से मात दे दी है। ब्रिस्बेन के द गाबा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 20 ओवर में आठ विकेट पर 144 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 18.3 ओवर में चार विकेट पर 148 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।

श्रीलंका की जीत में वानिंदु हसरंगा और धनंजय डिसिल्वा ने अहम भूमिका निभाई। श्रीलंका के लिए धनंजय डी सिल्वा ने सबसे ज्यादा नाबाद 66 रन बनाए। श्रीलंका के लिए धनंजय लगातार रन बनाते आ रहे हैं। 42 गेंद की पारी में उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए। कुसल मेंडिस ने 25, चरित असालंका ने 19, भानुका राजपक्षे ने 18 और पथुम निसांका ने 10 रनों का योगदान दिया। कप्तान दासुन शनाका खाता खोले बगैर नाबाद रहे। श्रीलंका के लिए तीन विकेट लेने वाले वानिंदु हसरंगा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अफगानिस्तान ने 15 ओवर में 3 विकेट पर 104 रन बनाए थे। उसने 8वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया था। गुरबाज 24 गेंद में 28 रन, उस्मान गनी 27 गेंद में 27 रन, जादरान 18 गेंद में 22 रन बनाए। नजीबुल्लाह जादरान 16 गेंद में 18 रन, गुलबदीन नईब 14 गेंद में 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मोहम्मद नबी ने 8 गेंद में 13 और राशिद खान ने 8 गेंद में 9 रन बनाए। मुजीब उर रहमान एक रन ही बना पाए।

इस जीत के बाद श्रीलंका टी20 विश्व कप 2022 के सुपर-12 ग्रुप-1 की पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गया। उसके 4 मैच में 4 अंक हो गए हैं। उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं अभी जिंदा हैं। पहले नंबर पर न्यूजीलैंड और दूसरे पर ऑस्ट्रेलिया है। दोनों के 5-5 अंक हैं। इंग्लैंड के 3 अंक के साथ चौथे नंबर पर है। श्रीलंका का अगला मैच इंग्लैंड से 5 नवंबर को सिडनी में होना है।

Exit mobile version