आखिर मान ही गए डीके: सिद्धारमैया ही होंगे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान, डिप्टी सीएम पद संभालेंगे शिवकुमार!

karnataka congress

लंबे समय तक चले ड्रामे के बाद अब कर्नाटक में कांग्रेस ने सरकार बनाने का फॉर्मूला तय कर लिया है। सिद्धारमैया को ही कर्नाटक की कमान सौंपी जाएगी। मुख्यमंत्री के तौर पर उनके नाम पर आखिरकार मुहर लग ही गई। वहीं डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री बनेंगे। 20 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा।

अपनी मांग पर अड़े हुए थे डीके शिवकुमार

कर्नाटक में मुख्यमंत्री को लेकर लगातार चार दिन से मंथन किया जा रहा था। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार कांग्रेस के दोनों दिग्गज मुख्यमंत्री पद के बड़े दावेदार माने जा रहे थे। सिद्धारमैया का नाम लगभग तय ही माना जा रहा था, लेकिन लगातार ये खबरें भी सामने आ रही थीं कि डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री का पद स्वीकार करने को तैयार नहीं है। वहीं दोनों नेताओं के बीच ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद साझा करने के फॉर्मूला की भी चर्चाएं चल रही थी। तब भी सामने ऐसी खबरें आई थी कि शिवकुमार ने पहले ढाई साल का कार्यकाल उन्हें सौंपने की शर्त रखी थी।

यह भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल: कानून मंत्री के पद से हटाए गए किरण रिजिजू, जानिए किन्हें मिली अब जिम्मेदारी?

मुख्यमंत्री पद पर मंथन के लिए बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ बैठकों का लंबा सिलसिला चला। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के बीच कई दौर की चर्चा भी हुई। इस बैठक में डीके शिवकुमार को भी सहमति बनाने के लिए बैठाया गया। अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे शिवकुमार को आखिरकार कांग्रेस आलाकमान का फैसला स्वीकार करना ही पड़ा।

डीके शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक के लोगों के सामने हमारी कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता है। लोकसभा चुनाव सामने हैं, इसलिए मुझे एआईसीसी अध्यक्ष और गांधी परिवार के आगे झुकना होगा। पार्टी के व्यापक हित में मैंने फॉर्मूले पर सहमति जताई है। और हो भी क्यों नहीं। आखिरकार, कर्नाटक के लोगों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है। उनके प्रति एक जिम्मेदारी है और हमें उसे पूरा करना है।

सोनिया गांधी ने शिवकुमार को मनाया? 

कहा जा रहा है कि शिवकुमार को मनाने में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की भूमिका अहम रही। खबरों की मानें तो सीएम पद को लेकर जारी गतिरोध के बीच सोनिया गांधी को मामले में दखल देना पड़ा। सोनिया ने शिवकुमार से बात की, जिसके बाद उन्हें कांग्रेस के फॉर्मूला को स्वीकार करना पड़ा। अब आज यानी गुरुवार को शाम 7 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होने की संभावना है, जिसमें सीएम के नाम की आधिकारिक घोषणा होगी।

यह भी पढ़ें: 71 हजार युवाओं को पीएम मोदी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा- नौकरियों से भाई-भतीजावाद खत्म हुआ…

Exit mobile version