“हम 150 सीटों पर कब्जा जमाएंगें”, मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने किया बड़ा दावा

rahul gandhi mp election

कर्नाटक में बड़ी जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस का जोश इस वक्त काफी हाई हैं। कर्नाटक के बाद अब कांग्रेस दूसरे राज्यों में भी बीजेपी से सत्ता छिनने की कोशिशों में जुट चुकी है। फिलहाल पार्टी के निशाने पर मध्य प्रदेश ही हैं। एमपी में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस तैयारियों में जुट गई है। सोमवार को पार्टी ने कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में बैठक की। दिल्ली में हुई बैठक में खड़गे के साथ राज्य के पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और अन्य नेता मौजूद थे।

कांग्रेस का 150 सीट जीतने का दावा

मीटिंग के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में कर्नाटक जैसी जीत दोहराने का दावा किया है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 150 सीट लाएगी। राहुल ने कहा- “बैठक में हमारी लंबी चर्चा चली। हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिलीं, मध्यप्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली हैं। कर्नाटक में जो किया, उसे हम दोहराने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: …तो एमपी में BJP और बजरंग दल के खिलाफ दर्ज करेंगे देशद्रोह का केस, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान

हालांकि कांग्रेस इस बार मध्य प्रदेश में किसके चेहरे पर चुनाव लड़ेगी यानी पार्टी का मुख्यमंत्री फेस कौन होगा, इस पर राहुल ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। मीडिया द्वारा जब उनसे प्रश्न किया गया कि एमपी में कांग्रेस का सीएम फेस कमलनाथ होंगे तो इस पर राहुल गांधी ने अपनी बात 150 सीटें जीतने वाली बात को ही दोहराया।

मध्य प्रदेश के सीएम कमलनाथ ने भी चुनाव को लेकर हुई इस बैठक को महत्वपूर्ण बताया। कमलनाथ ने कहा कि चुनाव में कैसी रणनीति बनाई जाए, मध्य प्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए इस पर चर्चा की गई। जो राहुल गांधी जी ने कहा है हम सभी उनकी बात से सहमत है। उनके पास इनपुट है।

BJP की प्रतिक्रिया

मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर कांग्रेस के इस बड़े दावे पर बीजेपी की प्रतिक्रिया आना भी शुरू हो गई। एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दावे पर पलटवार करते हुए कहा है कि मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है। BJP मध्यप्रदेश में 200 से ज्यादा सीट जीतेगी। अब उनको ख्याली पुलाव पकाने हैं, तो पकाते रहें।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। राज्य में विधानसभा की 230 सीटें हैं। पिछली बार साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और राज्य में सरकार भी बनाई। हालांकि कुछ समय के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थकों ने बगावत कर दी, जिसके बाद कमलनाथ सरकार गिर गई। सिंधिया और उनके समर्थकों ने फिर बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके साथ ही राज्य की कमान शिवराज सिंह चौहान के हाथों में आ गई थी।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में बजरंग दल के साथ RSS पर भी बैन लगाएगी कांग्रेस? प्रियांक खड़गे ने दिया बड़ा बयान, कहा- शांति भंग हुई तो…

Exit mobile version