“नए संसद भवन पर विपक्ष ने कीचड़ उछाला, क्योंकि…” राजस्थान में पीएम मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लिया

pm modi rajasthan

PM Modi in Rajasthan: विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिशन राजस्थान में जुट गए हैं। इस साल के अंत में राजस्थान में विधानसभा चुनाव होंगे। इससे पहले आज यानी बुधवार को पीएम मोदी अजमेर पहुंचे। यहां उन्होंने  पुष्कर मंदिर में ब्रह्मा जी की पूजा और अर्चना की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने अजमेर में एक रैली को भी संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही राजस्थान चुनाव में जीत हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को जमकर मेहनत करने और प्रदेश में सरकार बनाने का मिशन दिया।

सरकार की गिनाईं उपलब्धियां

अपनी रैली में पीएम मोदी  ने 9 साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि आज देश में नवनिर्माण का दौर चल रहा है। केंद्र में BJP सरकार के 9 वर्ष पूरे हो गए हैं। ये 9 साल गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए विकास और उन्नति वाले रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में देश की जनता ने ‘सबका-साथ और सबका विकास’ के मंत्र में भरोसा जताया और हमनें उनके इसी भरोसे को कायम रखते हुए जनता की सेवा की।

यह भी पढ़ें: दुनिया की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना शुरू करेगी मोदी सरकार, कैबिनेट बैठक में दी गई मंजूरी

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि साल 2014 से पहले देश के हालात कैसे थे, ये सबको मालूम है। देश भ्रष्टाचार में डूबा था। लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरे हुए थे। तमाम शहरों में आतंक फैला हुआ था। केंद्र सरकार आतंकियों से डरी थी। घुसपैठिए देश के अंदर घुसते थे, लेकिन सरकार उन्हें रोकने में नाकाम थी। सरकार फैसले नहीं ले पाती थी। उस समय देश की सरकार प्रधानमंत्री नहीं बल्कि एक ख़ास परिवार चलाता था।

नए संसद भवन को लेकर हुए विरोध पर विपक्ष को घेरा

इस दौरान पीएम मोदी नए संसद भवन के उद्घाटन को लेकर हुए विवाद को लेकर विपक्ष पर जमकर बरसते नजर आए। उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले आपने देखा होगा कि भारत को नया संसद भवन मिला। कांग्रेस और कई विपक्षी दलों ने नए संसद भवन को लेकर कीचड़ उछालने का काम किया। कई पीढ़ियों के जीवन में ऐसे अवसर एक बार ही आते हैं, लेकिन कांग्रेस ने भारत के गौरव के क्षण को भी अपने स्वार्थ विरोध की भेंट चढ़ा दिया। कांग्रेस ने 7 हजार श्रमिक के परिश्रम और देश के लोगों की भावनाओं का अपमान किया। कांग्रेस ने 7 हजार मजदूरों के पसीने को लात मारी है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि विरोध बस इस बात का है कि एक गरीब का बेटा इनके अहंकार के आगे कैसे अड़ा हुआ है। इनको गुस्सा इस बात का है कि गरीब का बेटा इनकी मनमानी चलने क्यों नहीं दे रहा है, परिवारवाद और इनके भ्रष्टाचार पर क्यों सवाल खड़े कर रहा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता से वोट लेकर कांग्रेस उनको ही कोस रही थी। घोर निराशा के इस मौहाल को 2014 में आपने एक वोट से विकास के विश्वास में बदल दिया। आज दुनिया में भारत का यशगान हो रहा है। दुनिया के बड़े बड़े एक्सपर्ट बोल रहे हैं कि भारत अति गरीबी को खत्म करने के काफी पहुंच गया है। ये बदलाव आया कैसे? इसका जवाब है- ‘सबका साथ-सबका विश्वास’ और वंचितों को वरीयता देना।

यह भी पढ़ें: अमेरिका दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने कसा पीएम मोदी पर तंज, कहा- वो भगवान को भी समझा देंगे कि…
Exit mobile version