पुणे: ससुराल वालों ने बहू के पीरियड ब्लड से की अघोरी पूजा, 50 हजार में बेचा फिर…

Pune Crime News

महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, यहां एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर संगीन आरोप लगाते हुए बताया कि उसके ससुराल वालों ने अघोरी पूजा के लिए उसका पीरियड ब्लड का इस्तेमाल किया। महिला की शिकायत को सुनकर पुलिस भी एक पल को हैरान रह गई। इतना ही नहीं पीड़िता के कहा कि ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित भी करते थे। मामले की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने ससुराल वालों समेत 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीरियड ब्लड से अघोरी पूजा

यह अजीबो-गरीब मामला महाराष्ट्र के पुणे का है। यहां 27 साल की एक महिला ने पुलिस में अपने ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके ससुराल वालों ने एक अघोरी पूजा के लिए उससे पीरियड ब्लड की मांग की जिसे उन्होंने 50 हजार रुपये में बेच दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने 2022 में एक अघोरी पूजा की रस्म निभाने के लिए जबरन उसका पीरियड ब्लड लिया था।

महिला ने आगे बताया कि आरोपियों में से किसी एक की कोई संतान नहीं थी जिस कारण अघोरी पूजा रखी गई थी। शिकायत के मुताबिक ये अपराध बीड जिले में पीड़िता के ससुराल में हुआ था। ससुराल वालों की इस हरकत से परेशान पीडिता फौरन अपने माता-पिता के पास पहुंच गई। जिसके बाद महिला ने सारा मामला पुलिस को सुनाया।

7 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर 7 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला के पति और ससुराल वालों ने जबरन उससे पीरियड ब्लड लिया। इतना ही नहीं ससुराल वालों ने महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से कई बार प्रताड़ित किया है।

Exit mobile version