कर्नाटक: रंग काला होने पर पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी पति परिवार सहित फरार

husband killed wife for skin colour

कर्नाटक से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक औरत का रंग उसकी जान ले बैठा। दरअसल, कर्नाटक के जेवरगी में एक युवक को अपनी पत्नी को जान से मारने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी के काले रंग को लेकर परेशान था इस कारण उसने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इस हत्याकांड की जानकारी मृतका के भाई ने पुलिस को दी। भाई खुर्शीद ने अपनी बहन के पति व परिवार पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। गौरतलब है कि, घटना के बाद से आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया है।

भाई खुर्शीद ने दी हत्याकांड की जानकारी

यह सनसनीखेज मामला कर्नाटक के जेवरगी तालुका केल्लूर गांव का है। यहां रहने वाले खाजा पटेल पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर देने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि, आरोपी अपनी पत्नी को काले रंग को लेकर प्रताड़ित करता था और हमेशा उसे ताने मारता रहता था। इतना ही नहीं आरोपी हमेशा अपनी पत्नी से कहता था कि तू कितना भी पाउडर लगा ले, तू कभी भी हीरोइन का लुक नहीं पा सकती है। इस बारे में खुद मृतका ने अपने परिवार वालों को जानकारी दी थी। इस हत्याकांड को लेकर पुलिस को फरजाना के चचेरे भाई खुर्शीद ने जानकारी दी है। खुर्शीद ने अपनी बहन के पति के अलावा पूरे परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस फरार परिवार की तलाश कर रही है।

दहेज के लिए भी करते थे प्रताड़ित

मृतका के भाई खुर्शीद ने पुलिस को बताया कि, मेरी बहन को अधिक दहेज देने को लेकर भी प्रताड़ित किया जाता था। खुर्शीद ने आगे बताया कि, एक दूधवाले ने फोन पर फरजाना की मौत की जानकारी दी थी। जिसके बाद वह अपने परिवार के साथ केल्लूर आया जहां उसने फरजाना के दोनों बच्चों को शव के बगल में रोता हुआ पाया। पुलिस ने कई आरोपो में परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version