Wrestler Protest: दिल्ली के जंतर मंतर पर दूसरे दिन भी पहलवानों का प्रदर्शन जारी, बृजभूषण शरण सिंह पर बड़ा आरोप

vinesh phogat accuses wfi president of physical harassment

Wrestler Protest: भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अधिकारियों और कोचों के खिलाफ सनसनीखेज दावे के बाद लगातार प्रदर्शन जारी है। लगभग 30 पहलवान बुधवार शाम से जंतर-मंतर पर घरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें कई बड़े पदक विजेता भी शामिल हैं। ओलंपियन और स्टार पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगट और बजरंग पुनिया जैसे पहलवानों के अलावा विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता सरिता मोर, संगीता फोगट, सत्यव्रत मलिक, जितेंद्र किन्हा और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता सुमित मलिक सहित पहलवान जमा हैं।

विनेश फोगट ने बुधवार को भारतीय हॉकी संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए, जिसके बाद एक के बाद एक कई पहलवान सामने आए और कई खुलासे किए। हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। वहीं, 18 जनवरी से लखनऊ में शुरू होने वाला महिला पहलवानों का कैंप भी रद्द हो गया है।

बृजभूषण उत्तरप्रदेश के बड़े नेताओं में से एक हैं। राम मंदिर आंदोलन से राजनीति में अपनी पकड़ बनाई और वह लगातार छह बार से सांसद हैं। फिलहाल वो गोंडा जिले की कैसगंज सीट से भाजपा सांसद हैं। वो काफी लंबे समय (2011) से कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। 2019 में उन्होंने लगातार तीसरी बार इस पद पर चुनाव जीता था।

पहलवानों के आरोपों पर अगर सरकार ने त्वरित एक्शन नहीं लिया तो #BJP को हरियाणा में नुक़सान उठाना पड़ सकता है, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया हरियाणे की शान है, यूथ में ये बहुत पॉपुलर है, वैसे भी #BrijBhushanSharanSingh पर बहुत ही गंभीर आरोप लगे है #BajrangPunia #SakshiMalik

— Vivek Bajpai (@vivekbajpai84) January 18, 2023

कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

प्रदर्शन शुरू होने के बाद कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर पहलवानों से मिले। उन्होंने कहा कि अगर पहलवान संघ के पास आते हैं तो उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसी कड़ी में कई नेता और ख्याति रखने वाले लोग सामने आए। देश की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी यानी कांग्रेस ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल भी खिलाड़ियों से मिलीं और बृजभूषण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग की। कांग्रेस ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि बेटी बचाओ का नारा देने वाले बेटियों का शोषण कर रहे हैं।

प्रदर्शन को तेज होते देख सरकार भी हरकत में आई है। दरअसल, केंद्रीय खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) से इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है। कुश्ती संघ को पहलवानों के आरोपों पर अगले 72 घंटों के अंदर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।

अभी जंतर मंतर जाकर देश की चैंपियन #Wrestlers से मिली। उन्होंने हमारे तिरंगे की शान बढ़ाई है। बड़े दुख की बात है कि उन्हें आज इस कड़ाके की सर्दी में सड़क पर बैठना पड़ रहा है। हम मज़बूती से उनके साथ खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाएँगे। pic.twitter.com/XAPYOu8qLN

— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) January 18, 2023

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनेश फोगाट समेत कई पहलवानों ने लगाए संगीन आरोप

प्रदर्शन शुरू होने के दिन (बुधवार शाम) को प्रेस कॉन्फ्रेंस हुआ जिसमें बजरंग पूनिया ने कहा कि संघ में बैठे लोग मनमानी कर रहे हैं। उन्हें खेल के बारे में कुछ नहीं पता। हमें कोच नहीं दिए जाते हैं और इसका विरोध करने पर धमकाया जाता है। वहीं, विनेश फोगाट ने बृजभूषण शरण सिंह और संघ में उनके चहेते लोगों पर यौन शोषण के आरोप लगाए।

खिलाड़ी आत्मसम्मान चाहता है और पूरी शिद्दत के साथ ओलंपिक और बड़े खेलो के लिए तैयारी करता है लेकिन अगर फेडरेशन उसका साथ ना दे मनोबल टूट जाता है।लेकिन अब हम नही झुकेंगे।अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे।#BoycottWFIPresident#BoycottWrestlingPresident@PMOIndia @narendramodi @AmitShah

— Vinesh Phogat (@Phogat_Vinesh) January 18, 2023

विनेश ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह ने कई लड़कियों का यौन शोषण किया है। उनके चहेते लोग भी लड़कियों का शोषण करते हैं। पुरुष कोच भी लड़कियों के अलावा महिला कोच का भी शोषण करते हैं। ओलंपियन विनेश ने ये भी दावा किया कि लखनऊ में राष्ट्रीय शिविर में कई कोच ने भी महिला पहलवानों का शोषण किया है। जिसके बाद 18 जनवरी से लखनऊ में शुरू होने वाला महिला पहलवानों का कैंप भी रद्द हो गया है।

खिलाड़ी पूरी मेहनत कर के देश को मेडल दिलाता हैं लेकिन फेडरेशन ने हमें नीचा दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया। मनचाहे क़ायदे क़ानून लगा कर खिलाड़ियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। #BoycottWFIPresident#BoycottWrestlingPresident@PMOIndia @AmitShah @narendramodi

— Sakshee Malikkh (@SakshiMalik) January 18, 2023

भारतीय किसान यूनियन (BKU) के नेता राकेश टिकैत ने भी सरकार से की मांग

पहलवानों के इस आरोप के बाद अब कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष बीजेपी सरकार पर सवाल खड़े कर रहा है। कांग्रेस ने कहा, ‘‘बीजेपी का असली चरित्र उजागर हो गया है।’’ इसके बाद अब भारतीय किसान यूनियन (BKU) के नेता राकेश टिकैत ने भी सरकार से एक मांग रखी है।

दिल्ली के जंतर मंतर चल रहे पहलवानों के धरने पर किसान नेता राकेश टिकैत ने समर्थन करते हुए जांच की मांग की है। राकेश टिकैत ने ट्वीट कर लिखा, “पूरे विश्व में देश का सिर गर्व से ऊंचा करने वाले पहलवानों को धरने पर बैठना पड़ रहा हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ के अधिकारियों पर लगे आरोप बहुत गंभीर है। भारत सरकार मामले का संज्ञान ले और गांव की मिट्टी से जुड़े खेल और खिलाड़ियों को न्याय दिलाने का काम करे।”

पूरे विश्व में देश का सिर गर्व से ऊंचा करने वाले पहलवानों को धरने पर बैठना पड़ रहा हैं भारतीय कुश्ती महासंघ के अधिकारियों पर लगे आरोप बहुत गंभीर है भारत सरकार मामले का संज्ञान ले और गांव की मिट्टी से जुड़े खेल और खिलाड़ियों को न्याय दिलाने का काम करे@BajrangPunia@Phogat_Vinesh pic.twitter.com/MyIwyXOHej

— Rakesh Tikait (@RakeshTikaitBKU) January 18, 2023

बृजभूषण सिंह ने आरोपों को सिरे से नाकारा, कहा- “अगर ऐसा हुआ है तो मैं फांसी लगा लूंगा।”

इन सभी आरोपों को ख़ारिज करते हुए भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने समाचार एजेंसी ANI से कहा -“धरने पर बैठे पहलवानों ने ओलंपिक के बाद किसी भी राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है। क्या पिछले दस सालों से उन्हें फेडरेशन से कोई दिक्कत नहीं थी? यौन उत्पीड़न एक बड़ा आरोप है। मैं जांच के लिए तैयार हूं। अगर ऐसा हुआ है तो मैं फांसी लगा लूंगा।” उन्होंने आगे कहा, “मैं विनेश फोगट से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने ओलंपिक में कंपनी के लोगो वाला कॉस्ट्यूम क्यों पहना था? मैच हारने के बाद मैंने ही उन्हें प्रोत्साहित और प्रेरित किया।

 

Exit mobile version