निर्भया से लेकर साक्षी तक दरिंदगी का सिलसिला जारी… देश में कब होगी लड़कियां सुरक्षित?

Delhi Crime

Delhi Crime : देश की राजधानी दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 की वो रात तो आपको याद होगी ही, उस दिन एक ऐसी घटना घटी जिसने लड़कियों की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया था। जब सड़क पर दौड़ती बस में 6 भूखे जंगली जानवरों ने एक लड़की के साथ बर्बरता की सारी हदों को पार कर दिया था। जिन्होंने अपनी हवस बुझाने के लिए निर्भया का शरीर पूरी तरह से नोच दिया था और फिर बाद में उसे चलती बस से मरने के लिए नीचे फेंक दिया। उस 23 साल की लड़की पर क्या बीत रही होगी, उस बात का तो हम अंदाजा भी नहीं लगा सकते। उसके जिस्म का हर एक हिस्सा दर्द से चीख रहा था… शरीर तड़प रहा था… किस हिस्से में ज्यादा दर्द है ये बताना भी मुश्किल था… हर एक सांस मौत से लड़ाई कर रही थी… लेकिन अंत में वह जिंदगी की जंग हार गई।

मालूम था निर्भया के दोषी कौन थे? किन लोगों ने उसके साथ दरिंदगी की थी? बावजूद इसके उसको इंसाफ मिलने में 8 सालों का लंबा वक्त लग गया। हालांकि अब निर्भया कांड को 11 साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं जिन्हें सुनने व पढ़ने के बाद लोगों की रूह कांप जाती है।

अगर केवल पिछले एक साल की बात की जाए तो, दिल्ली से तीन ऐसी बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जो दिखाती है कि देश में लड़कियां आज भी सुरक्षित नहीं हैं। जहां बीते साल श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड सामने आया, जिसमें उसके साथी ने ही श्रद्धा के शरीर के 35 टुकड़े कर दिए। वहीं कुछ महीनों पहले कई सिरफिरों ने अंजलि को कार से करीब 12 किलोमीटर तक घसीटा था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि लड़कियों की इस तरह की मौत का सिलसिला अभी भी नहीं रुका है।

बीते दिन ही दिल्ली के शाहबाद डेयरी से ऐसा मामला (Sakshi Murder Case) सामने आया है, जिसका वीडियो देखने के बाद आपका कलेजा मुंह तक आ जाएगा। जी हां, हम बात कर रहे हैं साक्षी मर्डर केस की। जहां एक सनकी साहिल ने अपनी ही दोस्त पर चाकू और पत्थर से कई बार वार किया, जिसने उसकी जान ले ली।

यह भी पढ़ें- 40 बार चाकू से गोदा, फिर पत्थर से कुचला और तमाशबीन बने रहें दिल्लीवाले… ये घटना सोचने को कर देगी मजबूर

साहिल ने सरेआम किया साक्षी का कत्ल

28 मई 2023 को देर रात पौने नौ बजे दिल्ली के शाहबाद डेयरी में एक ऐसी वारदात (Sakshi Murder Case) हुई, जिसका वीडियो देख किसी का भी पत्थर दिल पसीज जाएगा। यहां साहिल नाम के एक शख्स ने साक्षी नामक लड़की पर दनादन हमले किए। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, साहिल और साक्षी रिलेशनशिप में थे। बीते दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद सनकी साहिल ने साक्षी की चाकू और पत्थरों से हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने कल यूपी के बुलंदशहर से साहिल को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद उससे पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि जब ये पूरी घटना हुई तो तब लगातार वहां से कई लोग गुजर रहे थे, लेकिन किसी ने भी उसे रोकने की कोशिश नहीं की। माना सबको अपनी जान की परवाह थी, परंतु अगर कुछ लोग मिलकर उस सिरफिरे को रोकने का प्रयास करते तो शायद आज साक्षी जिंदा होती।

यह भी पढ़ें- “ये लव है या…”, साक्षी हत्याकांड पर नरोत्तम मिश्रा ने ओवैसी पर साधा निशाना, कांग्रेस की चुप्पी पर भी उठाए सवाल

Exit mobile version