फिर एक्शन मोड़ में आई CBI: दिल्ली से लेकर पटना तक रेड जारी, लालू यादव के करीबियों के ठिकानों पर कसा शिकंजा

cbi raid on rjd mla

बिहार से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, आरा में RJD विधायक के ठिकानों पर CBI ने छापा मारा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार RJD विधायक किरण देवी के ठिकानों पर CBI की छापेमारी जारी है। छापेमारी की ये कार्रवाई भोजपुर के अंगियांव स्थित आवास पर चल रही है। सीबीआई की टीम किरण देवी के आवास पर छापेमारी के लिए पहुंची है। आपको बता दें कि विधायक किरण देवी लालू प्रसाद के करीबी और पूर्व विधायक अरुण यादव की पत्नी हैं।  किरण के पति अरुण यादव बड़े बालू कारोबारी हैं।

पहली बार विधायक बनीं किरण देवी

आपको बता दें कि किरण देवी भोजपुर के अगिआंव विधानसभा की विधायक हैं। किरण देवी पहली बार विधायक बनी हैं। रेप का आरोप लगने के बाद अरुण यादव 2020 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ सके थे। यहां जान लें कि अरुण यादव पर साल 2019 में एक नाबालिग लड़की से रेप का आरोप लगा था। उनके खिलाफ  पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कराया गया। रेप केस में फंसने के बाद RJD की ओर से 2020 विधानसभा चुनाव में अरुण यादव की जगह उनकी पत्नी को टिकट दिया था। किरण देवी चुनाव जीतने में कामयाब हुई थी। हालांकि इस बीच 2022 में ने सबूत के अभाव में अरुण यादव को मामले से बरी भी कर दिया गया था।

यह भी पढ़ें: “राहुल गांधी को लालू यादव का श्राप लगा है”, जानिए गिरिराज सिंह ने क्यों कहा ऐसा?

घर के बाहर पहुंचे RJD समर्थक

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीबीआई की कई टीम अलग-अलग गाड़ियों में मंगलवार सुबह ही गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव में पहुंची और वहां उनके घर पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। छापेमारी के दौरान विधायक किरण यादव, पूर्व विधायक अरुण यादव मौजूद हैं। वहीं अरुण यादव के घर पर सीबीआई की टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही उनके समर्थक भी मौके पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि इसके बाद वहां की स्थिति तनावपूर्ण है।

जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की टीमें पटना, आरा, भोजपुर के साथ दिल्ली और गुरुगाम समेत 9 जगहों पर छापेमारी कर रही है। किरण यादव के अलावा पूर्व मंत्री प्रेम चंद गुप्ता के ठिकानों पर भी CBI छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि लैंड फॉर जॉब घोटाला मामले में सीबीआई यह छापेमारी कर रही है।

गौरतलब है कि लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले में लालू यादव परिवार लगातार मुश्किलों में घिरा हुआ है। बीते दिनों सीबीआई के साथ साथ मामले को लेकर ईडी ने भी अपनी कार्रवाई तेज की थी। बीते महीनों सीबीआई इस मामले को लेकर पूर्व सीएम राबड़ी देवी, लालू यादव से लेकर तेजस्वी यादव तक से पूछताछ कर चुकी है।

यह भी पढ़ें: लाखों का कैश, सोना भी बरामद…जानें लालू यादव से जुड़े 15 जगहों पर छापेमारी के दौरान ED को क्या-क्या मिला?

Exit mobile version