झारखंड : नेत्रहीन महिला के साथ नशे में धुत दरिंदों ने किया गैंगरेप, हत्या कर शव को फेंका कुएं में

gangrape

gangrape

झारखंड में 55 वर्षीय नेत्रहीन महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसे घिनौने अपराध का मामला सामने आया है। दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया। मामले की सूचना मिलने पर हर तरफ सनसनी फैल गई। पुलिस को मामले की खबर मिलते ही महिला के शव को कब्जे में करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मानवता को शर्मसार कर देने वाली यह घटना झारखंड के कैरो थाना क्षेत्र के बाघी गांव की है। यहां नशे में धुत्त कुछ दरिंदों ने एक नेत्रहीन महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के अपराध को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार आरोपी नए साल का जश्न मानकर नशे की हालत में गांव लौट रहे थे। इसी बीच 55 साल की नेत्रहीन महिला के साथ दरिंदों ने सामूहिक रेप की वारदात को अंजाम दिया। गैंगरेप के बाद महिला की हत्या कर दी गई और शव को गांव के ही एक कुएं में फेंक दिया गया।

कुएं में शव की खबर मिलते ही पुलिस घटना की जांच के लिए मौके पर पहुंची। शव की हालत देख कर हर कोई सकते में रह गया। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक दुष्कर्म करने वाले युवकों की संख्या तीन-चार बताई जा रही है। घटना के बाद कैरो थाना पुलिस ने दुष्कर्म कर हत्या का मामला दर्ज करते हुए तीन अभियुक्तों को बाघी गांव से गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

महिला की शव मिलने के बाद पुलिस कैरो थाना में आईपीसी धारा 302, 367डी, 201, 34 दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कैरो थाना क्षेत्र के बाघी गांव निवासी बालकेश्वर उरांव, सूरज मिंज और रोबिन उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। कैरो थाना के सब इंस्पेक्टर ऋषिकांत शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियोग्राफी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों द्वारा दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और आगे जांच चल रही है।

Exit mobile version