MCD ELECTION 2022 : BJP का थीम सॉन्ग लॉन्च, मनोज तिवारी ने फिर दी आवाज

MCD ELECTION 2022

MCD ELECTION 2022

दिल्ली नगर निगम चुनाव में अब ज्यादा दिन का समय नहीं रह गया है। 4 दिसंबर को दिल्ली में नगर निगम चुनाव के मद्देनजर मतदान होगा और इसके नतीजे 7 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। नामांकन का सिलसिला भी लगातार जारी है। भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी चुनाव के मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अधिकारिक रुप से भाजपा सांसद मनोज तिवारी द्वारा गाया नगर निगम चुनाव 2022 का पार्टी थीम सॉन्ग लॉन्च किया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद मनोज तिवारी और अन्य उपस्थित रहे।

 

मनोज तिवारी ने दी आवाज

इस मौके पर आदेश गुप्ता ने कहा कि सांसद मनोज तिवारी के गाए इस गीत में जहां एक ओर केजरीवाल सरकार के कुशासन से दिल्ली में वायु प्रदूषण, मैली यमुना, शराब घोटाले आदि को दर्शाया गया है तो वहीं दूसरी ओर दिल्ली भाजपा एवं नगर निगम द्वारा कोविड काल में की गई सेवा, ढ़लावमुक्त दिल्ली बनाने के लिए किए गए कार्य एवं विभिन्न अन्य सेवा कार्यों का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी मनोज तिवारी द्वारा गाने के सहारे ही हमने निगम चुनाव लड़ा था और अपने कार्यों एवं विकास के नए आयामों के आधार पर तीसरी बार जीतें थे। इसलिए एक बार फिर से जनता की पूर्ण समर्थन के साथ हम निगम में आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली की तस्वीर और असलीयत है। सभी को पता है कि कोरोना के समय में कौन एसी कमरो में बैठा था और कौन सड़को पर जान जोखिम में डालकर जनसेवा की।

 

दिल्ली की पुकार

इस मौके पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि ये गाना नहीं दिल्ली की पुकार है और इसको गलियों तक पहुचाने का भाजपा ने फैसला कर लिया है। मनोज तिवारी ने कहा कि इस गाने के माध्यम से दिल्ली की जनता जो पिछले आठ सालों के केजरीवाल सरकार में समस्याओं का सामना किया है, उसे भी हमने बताने की कोशिश की है। उन्होंने भाजपा के नगर निगम चुनाव के थीम सॉग को दिल्ली की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि आज मोदी सरकार और भाजपा शासित निगम ने जितना काम दिल्ली के लिए किया है, उसी का नतीजा है कि दिल्ली की जनता भाजपा पर विश्वास जता चुकी है और हम जनता के आशीर्वाद से एक बार फिर से निगम चुनाव जीतने वाले हैं क्योंकि हमारा मंत्र ही है ‘सेवा ही विचार नहीं खोखले प्रचार’ है।

Exit mobile version