4 राज्यों के बदले गए BJP अध्यक्ष: दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा को सौंपी गई कमान, राजस्थान में चुनाव से पहले चला बड़ा दांव

BJP President Change

देश की राजनीति इस वक्त कई मुद्दों को लेकर गरमाई है। 2024 में देश में लोकसभा चुनाव है, जिसकी तैयारियों में तमाम पार्टियां अभी से जुट गई। हालांकि इससे पहले 2023 में भी कई राज्यों के विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच बीजेपी ने एक बड़ा दांव चलते हुए कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। पार्टी ने दिल्ली, बिहार, राजस्थान और ओडिशा कुल चार राज्यों के अपने प्रदेश अध्यक्ष बदले हैं।

वीरेंद्र सचदेवा बने दिल्ली BJP प्रदेश अध्यक्ष

सबसे पहले बात दिल्ली की करते हैं। बीजेपी ने वीरेंद्र सचदेवा को दिल्ली बीजेपी की कमान सौंपी हैं। उन्हें पार्टी ने दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष (Delhi BJP President) नियुक्त किया है। आपको बता दें कि दिल्ली नगर निगम चुनाव (Delhi MCD Election) में हार के बाद आदेश गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वीरेंद्र सचदेवा को ही दिल्ली बीजेपी का अस्थायी अध्यक्ष बनाया गया था। हालांकि अब पार्टी ने उन्हें स्थायी अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला किया। कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही वीरेंद्र काफी सक्रिय हो गए थे। उनके नेतृत्व में बीजेपी लगातार केजरीवाल सरकार को घेरते हुए विरोध प्रदर्शन कर रही थी। यही वजह है कि उनको दिल्ली बीजेपी का स्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

यह भी पढ़ें: कूड़े के पहाड़ पर केजरीवाल के लिए बिछ गई ग्रीन कारपेट, BJP ने कुछ यूं घेरा

बिहार में सम्राट चौधरी को मिली कमान

अब बात करते हैं बिहार की। सम्राट चौधरी को बिहार बीजेपी का नया अध्यक्ष (Bihar BJP President) बनाया गया है। 2024 चुनाव से पहले संजय जायसवाल की प्रदेश अध्यक्ष के पद से छुट्टी कर दी गई है। आपको बता दें कि फिलहाल सम्राट चौधरी बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं। इनको प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने बड़ा दांव चल दिया हैं क्योंकि सम्राट चौधरी कुशवाहा समाज से आते हैं और सीएम नीतीश कुमार के लव-कुश वोट बैंक पर चोट कर सकते हैं। इसी रणनीति के तहत बीजेपी ने उन्हें अपना प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।

राजस्थान के नए BJP अध्यक्ष बने सीपी जोशी

राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव है। बीजेपी यहां कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहती है। इसी के चलते बड़ा फैसला लेते हुए सतीश पूनिया को हटाकर सीपी जोशी को नया प्रदेश अध्यक्ष (Rajasthan BJP President) नियुक्त कर दिया है। सीपी जोशी चित्तौड़गढ़ से सांसद हैं। यहां ध्यान देने वाली बात है कि विधानसभा चुनाव से पहले राजस्थान बीजेपी में विवाद बना हुआ था। वसुंधरा राजे का गुट लगातार सतीश पूनिया को हटाने की मांग कर रहा था, जिसे बीजेपी द्वारा आखिरकार स्वीकार कर लिया गया। आपको बता दें कि राजस्थान की राजनीति में सतीश पूनिया और वसुंधरा राजे को एक दूसरे का धुरी माना जाता हैं। गुटबाजी को रोकने के लिए बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सतीश पूनिया को हटाकर अब सीपी जोशी पर दांव चल दिया है। सीपी जोशी संघ के नजदीक माने जाते हैं। वहीं बताया जा रहा है कि पूनिया को अब राष्ट्रीय संगठन में जगह मिल सकती है।

यह भी पढ़ें: 19 नए जिले, 3 नए संभाग… CM अशोक गहलोत ने चल दिया बड़ा सियासी दांव, BJP हमलावर!

ओडिशा में मनमोहन सामल को मिला जिम्मा

ओडिशा में भी बीजेपी ने अपना प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। राज्‍य के पूर्व राजस्‍व मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता मनमोहन सामल को पार्टी ने ओडिशा (Odisha BJP President) का जिम्मा सौंपा हैं। सामल ने समीर मोहंती की जगह ली है। आपको बता दें कि पार्टी अध्यक्ष के तौर पर मोहंती का तीन साल का कार्यकाल इस साल 16 जनवरी को पूरा हो गया था। हालांकि नया अध्यक्ष न चुने जाने के कारण वही अब तक पार्टी अध्यक्ष का काम संभाल रहे थे।

Exit mobile version