BBC Income Tax: बीबीसी के मुंबई-दिल्ली कार्यालयों में आयकर विभाग की रेड ने मचाया हड़कंप

BBC Income Tax

हाल में गुजरात दंगों पर डॉक्युमेंट्री को लेकर चर्चा में आए मीडिया संस्थान BBC के कार्यालयों पर आयकर विभाग (इनकम टैक्स) के छापे पड़े हैं। इसे केंद्र में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी का सीधा वार भी कहे तो कुछ गलत नहीं होगा। दरअसल, ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (BBC) के खिलाफ भाजपा ने सीधा मोर्चा खोल दिया है। इस मामले से साफ देखा जा सकता है की पार्टी अब बीबीसी के खिलाफ खुलकर मैदान में आ गई है। वहीं इस मामले पर बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस को ये याद रखना चाहिए कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बीबीसी पर प्रतिबंध लगाया था। बीबीसी का प्रोपेगेंडा और कांग्रेस का एजेंडा साथ-साथ चलते हैं।

बीबीसी दुनिया का सबसे बकवास और भ्रष्ट कॉरपोरेशन

आज मंगलवार को BBC IT रेड को लेकर बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि बीबीसी दुनिया का सबसे बकवास और भ्रष्ट कॉरपोरेशन है। उन्होंने कांग्रेस एवं विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि कुछ वर्ग विश्व पटल पर भारत के बढ़ते कद को पचा नहीं पा रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है और कुछ तबकों को यह रास नहीं आ रहा है। बीबीसी को भारत में पत्रकारिता करने का पूरा अधिकार है, लेकिन उन्हें देश के कानून का पालन करना होगा।

IT अब पिंजरे का तोता नहीं- BJP

गौरव भाटिया ने कहा कि आयकर ने कानून के तहत ही बीबीसी के दफ्तर पर तलाशी ली है। आईटी विभाग अब पिंजरे का तोता नहीं है, जैसा सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस शासन के दौरान सरकारी संस्थानों के बारे में कहा था।

बीबीसी ने दी रेड की जानकारी

आपको बता दें कि बीबीसी का हेड ऑफिस लंदन में है। जिसे इस इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी की जानकारी दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक आज मंगलवार को दिल्ली और मुंबई स्थित बीबीसी कार्यालय पर इनकम टैक्स की छापेमारी हुई। इस मामले ने पूरे मीडिया में हड़कंप मचा दिया है। सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि, ऑफिस में कार्यरत कर्मचारियों को घर से ही काम करने के लिए कह दिया गया है। वहीं इस मामले में इनकम टैक्स सूत्रों का कहना है कि ये एक प्रकार का सर्वे है। इनकम टैक्स विभाग इसे एक सर्वे कह रहा है जिसमें इंटरनेशनल टैक्स को लेकर इस मीडिया संस्थान में कैसे क्या हुआ है, कि जानकारी इकट्ठा की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 60-70 लोग इस रेड में शामिल है। वहीं बीबीसी के सभी कर्मचारियों के फोन बंद करवाने की जानकारी भी मिली है। दिल्ली और मुंबई दोनों ही कार्यालय में लोगों का बाहर या अंदर आना जाना माना है।

विवादों में BBC की डॉक्यूमेंट्री

बीबीसी की विवादित डॉक्युमेंट्री को लेकर हाल ही में काफी बवाल हुआ था। बीबीसी की डॉक्युमेंट्री 2002 में गुजरात दंगों पर बनाई गई थी। केंद्र सरकार द्वारा इस डॉक्युमेंट्री की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। देश की कई यूनिवर्सिटियों में इसकी स्क्रीनिंग के लिए बवाल भी हुआ था।

Exit mobile version