शुभमन गिल का एक और शानदार शतक, पिछले 17 दिनों के अंदर जड़ा चौथा अंतर्राष्ट्रीय शतक

Shubhman Gill T20I Century

भारत ने न्यूजीलैंड को आखिरी और निर्णायक मुकाबले में 168 रन से हराया। तीन टी20 मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए सीरीज अपने नाम किया। भारत ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी लगातार चौथी टी20 सीरीज जीत ली है। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। भारत से पहले श्रीलंका ने 2007 में केन्या को 172 से रौंदा था।

इस मामले में गिल ने कोहली, रोहित को भी पीछे छोड़ा

इस जीत में शुभमन गिल का अहम योगदान रहा। शुभमन ने इस दौरान कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। उन्होंने 63 गेंदों में नाबाद 126 रन की तूफानी पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 12 चौके और सात छक्के लगाए। इस दौरान शुभमन का स्ट्राइक रेट 200 का रहा। इसी के साथ शुभमन टी20 अंतर्राष्ट्रीय में भारत की ओर से शतक लगाने वाले सातवें बल्लेबाज हैं। शुभमन के 126* रन टी20 अंतर्राष्ट्रीय में भारत के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।

इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था। उन्होंने पिछले साल दुबई में अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 122 रन बनाए थे। वहीं, 118 रन के साथ रोहित इस मामले में तीसरे स्थान पर हैं।

What a historic win of #TeamIndia in a remarkable match against new zealand.

Well played #ShubhmanGill

Whole world can feel this roar. #INDvsNZ pic.twitter.com/2iXIGcxqCE

— Dr Raman Singh (@drramansingh) February 2, 2023

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में शुभमन गिल का फॉर्म शानदार

इसी के साथ शुभमन ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय में शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 साल 146 दिन की उम्र में शतक जड़ा। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम था। रैना ने 23 साल 156 दिन की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2010 में टी20 शतक जड़ा था। यह पिछले 17 दिन के अंदर शुभमन का चौथा अंतर्राष्ट्रीय शतक है। इससे पहले तीन शतक शुभमन ने वनडे फॉर्मेट में लगाए हैं। उनमें एक दोहरा शतक भी है।

इसी साल 15 जनवरी को शुभमन ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे में 116 रन की पारी खेली थी, इसके बाद 18 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 208 रन बनाए थे। 24 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ ही शुभमन ने 112 रन बनाए थे। अब उन्होंने टी20 में शतक जड़ दिया है।

 

Exit mobile version