जी – 20 को लेकर सर्वदलीय बैठक, पीएम बोले – भारत की क्षमता को प्रदर्शित करने का अनोखा अवसर

All Party Meeting

All Party Meeting

भारत को पहली बार समूह-20 (जी-20) राष्ट्रों की अध्यक्षता मिलना देश के लिए उत्साह का विषय है। निश्चित रूप से यह भारत को आर्थिक सामरिक तौर पर मजबूत करेगा।
भारत की जी-20 अध्यक्षता से जुड़े पहलुओं पर चर्चा करने के लिये सोमवार को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में इस बैठक में देशभर के राजनीतिक दलों के मुखियाओं ने भागीदारी की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जी-20 अध्यक्षता पूरे भारत राष्ट्र की है, तथा यह समस्त विश्व के सामने भारत की क्षमता को प्रदर्शित करने का अनोखा अवसर है। प्रधान मंत्री ने कहा कि भारत के प्रति विश्व में जिज्ञासा और आकर्षण है। जी-20 अध्यक्षता भारत में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास के लिये महान अवसर है।

 

विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने लिया हिस्सा

टीम-वर्क की महत्ता पर जोर देते हुए प्रधान मंत्री ने जी-20 की वार्षिक अध्यक्षता के दौरान वर्ष भर होने वाले विभिन्न आयोजनों में सभी नेताओं के सहयोग की आकांक्षा व्यक्त की। इस बैठक में सत्ता पक्ष एवं विपक्ष सहित लगभग सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में सम्मिलित होते हुए जे.पी. नड्डा, मल्लीकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी, नवीन पटनायक, अरविन्द केजरीवाल, वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी, सीताराम येचुरी, चंद्रबाबू नायडू, एम.के. स्टालिन, एडाप्पडी के. पलानीस्वामी, पशुपतिनाथ पारस, एकनाथ शिंदे और के.एम. कादर मोहीदीन ने भारत की जी-20 अध्यक्षता पर अपने विचार भी रखें।

 

क्या हैं जी-20

इस बैठक में सरकार के मंत्री समूह में से राजनाथ सिंह, अमित शाह, निर्मला सीतारमण, एस. जयशंकर, पीयूष गोयल, प्रह्लाद जोशी, भूपेन्द्र यादव और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा भी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि जी-20 दुनिया के 20 विकसित एवं विकासशील राष्ट्रों का समूह है। इस समूह में शामिल राष्ट्र हैं। – भारत, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, कनाडा, चीन, यूरोपियन यूनियन, फ्राँस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, कोरिया गणराज्य, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका।

 

भारत को मिली है जी – 20 की अध्यक्षता

दुनिया की 60% आबादी और वैश्विक जीडीपी का 80% तथा वैश्विक व्यापार का 75% वहन G-20 देशों द्वारा किया जाता है। जी-20 के हालियाँ 17वें वार्षिक शिखर सम्मेलन की मेज़बानी इंडोनेशिया की अध्यक्षता में राजधानी बाली में की गई थी। वर्ष 2023 के लिए भारत ने जी-20 की अध्यक्षता का प्रभार संभाल लिया है। समूह का 18वां शिखर सम्मेलन अगले वर्ष 2023 में भारत में आयोजित किया जाएगा।

Exit mobile version