विपक्ष किसके नेतृत्व में लड़ेगा 2024 लोकसभा चुनाव? ममता बनर्जी के बाद अब अखिलेश यादव ने दिया बड़ा बयान

mamata akhilesh statement

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद कांग्रेस का जोश अभी हाई पर है। कांग्रेस ने कर्नाटक में जबरदस्त प्रदर्शन दिखा दिया कि उसमें जान अभी भी बाकी है। वहीं ऐसा माना जा रहा है कि कर्नाटक चुनाव के ये नतीजे कहीं न कहीं 2024 लोकसभा चुनाव पर भी असर डालने वाले हैं। 2024 लोकसभा चुनाव के लिए मोदी सरकार के खिलाफ एकजुट होने की कोशिश कर रहा है। हालांकि कांग्रेस के लगातार देश में सिकुड़ते सियासी नक्शे को देखकर विपक्षी पार्टियां उसे साइडलाइन करने की कोशिश कर रही थी। वहीं अब उन विपक्षी पार्टियों को कर्नाटक चुनाव के नतीजों से ये साफ हो गया है कि कांग्रेस को नजरअंदाज कर उनका काम नहीं चलने वाला। 2024 चुनावों में कांग्रेस की भूमिका काफी अहम रहेगी।

ममता के बाद अखिलेश का बयान

तब ही तो कर्नाटक चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस के प्रति नरम रूख अपनाया। ममता बनर्जी ने बीते दिन अपने एक बयान में कहा कि कांग्रेस जहां मजबूत है, वो वहां उन्हें समर्थन देने को तैयार हैं। जहां कांग्रेस मजबूत है, बशर्ते राज्य में कांग्रेस की तरह उनकी तृणमूल कांग्रेस को भी समर्थन मिले।

यह भी पढ़ें: “जब पूरे देश में चल सकती है, तो…” द केरल स्टोरी पर बैन को लेकर SC ने ममता सरकार को फटकारा, तमिलनाडु सरकार को भी जारी किया नोटिस

ममता बनर्जी के बाद अब विपक्षी एकता को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश ने कहा है कि नीतीश कुमार, ममता बनर्जी, केसीआर और अलग-अलग राजनीतिक दल इसका रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे हैं। जहां भी कोई पार्टी मजबूत होगी, उन सभी जगहों पर चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा।

क्या कहा था ममता बनर्जी ने…? 

इससे पहले ममता बनर्जी ने कहा था कि मैं शुरुआत से कह रही थी कि संबंधित क्षेत्रों में ताकत रखने वाले दलों को वहां सीधे बीजेपी का मुकाबला करना चाहिए। जैसे कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी, बिहार में RJD-JDU, यूपी में समाजवादी पार्टी और तमिलनाडु में DMK-कांग्रेस और पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस। हमने कर्नाटक में कांग्रेस का समर्थन किया। अब उन्हें पश्चिम बंगाल में भी हमारे साथ वैसा ही करना चाहिए। यह सही नहीं है कि कर्नाटक में वे हमारे समर्थन का आनंद लेंगे और पश्चिम बंगाल में हमारा विरोध करेंगे।

गौरतलब है कि बीते दिनों पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच मुलाकात हुई थी। उसके बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी ममता और अखिलेश से मुलाकात की थी। यह तीनों नेता लगातार विपक्षी एकजुटता को लेकर सक्रियता से अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Mission 2024: कोलकाता में ममता से मुलाकात करने पहुंचे नीतीश-तेजस्वी, 2024 चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर

Exit mobile version