श्रद्धा पर आफताब कहर बनकर टूटा, निर्मम हत्या, 35 टुकड़े…

Aftab blog image

फिर वहीं कहानी…आफताब ने श्रद्धा के किये 35 टुकड़े

आफताब और श्रद्धा की प्रेम कहानी श्रद्धा की निर्मम हत्या के साथ खत्म हो गयी। आफताब ने आग का शोला बनकर श्रद्धा को न सिर्फ बेरहमी से कत्ल किया बल्कि उसके 35 टुकड़े आरी से कर डाले। आप एक बार सोचकर देखिये, आफताब के प्रेम में पागल श्रद्धा के शरीर के 35 टुकड़े करने वाला आफताब जब श्रद्धा के शरीर को आरी से काट रहा होगा तब उसके जेहन में श्रद्धा के लिए कितना गुस्सा उबल रहा होगा।

जी हां, श्रद्धा  हत्याकांड का खुलासा दिल्ली पुलिस ने सोमवार को किया। 18 मई यानि करीब 6 महीने पहले आफताब और श्रद्धा ने लिव इन में रहना शुरू किया था।

आफताब ने अपनी 26 साल की प्रेमिका श्रद्धा की बेरहमी से हत्या तो की ही साथ ही उसके शव को आरी से काटा। नया फ्रिज लाया ताकि टुकड़े उसमें रख सके और बदबू दबाने के लिए अगरबत्ती सुलगाता था।

आफताब 18 दिन तक रोज रात 2 बजे उठता और शव के टुकड़े जंगल में फेंक आता था। पुलिस ने आफताब को शनिवार को अरेस्ट किया। इसके बाद उसने श्रद्धा की हत्या की सनसनीखेज कहानी बताई। इधर, कोर्ट ने आफताब को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

पूरे मामले पर सूत्रों ने पुलिस के हवाले से बताया कि आफताब ने वारदात से पहले अमेरिकी क्राइम शो डेक्स्टर समेत कई क्राइम मूवीज और शोज देखे थे। इसके बाद ही उसने श्रद्धा का मर्डर किया और आरी से काटकर उसकी बॉडी के 35 टुकड़े किए।

उसने बॉडी पार्ट्स को सुरक्षित रखने के लिए बाजार से एक बड़ा फ्रिज भी खरीदा। वह रोज कुछ टुकड़े फ्रिज से निकालता और जंगल में ठिकाने लगाने निकल पड़ता। यह सिलसिला 18 दिन तक चलता रहा। इतना ही नहीं, आफताब ने सबूत मिटाने के लिए गूगल पर खून साफ करने का तरीका भी सर्च किया था।

साइकोलॉजिकल थ्रिलर शो है डेक्स्टर

डेक्स्टर एक अमेरिकी क्राइम ड्रामा और साइकोलॉजिकल थ्रिलर शो है, जो 2006 से 2013 के बीच ऑनएयर हुआ। इसके 8 सीजन हैं। इस शो का मुख्य किरदार डेक्स्टर मॉर्गन दिन में पुलिस के लिए फोरेंसिक टेक्नीशियन के तौर पर काम करता है, जबकि रात को वह सीरियल किलर के तौर पर उन अपराधियों का मर्डर करता है जिन्होंने बर्बर अपराध किए, लेकिन कानून ने उन्हें सही सजा नहीं दी।

अब इस पूरे घटनाक्रम को सिलसिलेवार समझते हैं…

कौन थी श्रद्धा?

26 साल की श्रद्धा मुंबई के मलाड की रहने वाली थी। यहां वह एक मल्टीनेशनल कंपनी के कॉल सेंटर में काम करती थी।

अब जानिए अफताब के बारे में…

आफताब अमीन फूड ब्लॉगर है। इंस्टाग्राम पर उसका पर्सनल अकाउंट द हंगरी छोकरो (thehungrychokro) के नाम से है, जबकि उसका फूड ब्लॉग इंस्टाग्राम पर द हंगरी छोकरो_एस्कैपेड्स (thehungrychokro_escapades) नाम से है। अपने पर्सनल ब्लॉग पर उसने आखिरी फोटो 3 मार्च 2019 को पोस्ट किया था। अपने फूड ब्लॉग से उसने आखिरी फोटो 2 फरवरी को पोस्ट किया था।

आफताब-श्रद्धा कब और कैसे मिले?

2019 में मुंबई के एक कॉलसेंटर में काम करने के दौरान श्रद्धा की आफताब से मुलाकात हुई। दोनों एक डेटिंग ऐप के जरिए मिले थे। उनके रिश्ते से परिवार वाले नाखुश थे। इसके चलते वे मुंबई से दिल्ली शिफ्ट हो गए और महरौली के एक फ्लैट में लिव-इन में रहने लगे।

शक कैसे हुआ?

श्रद्धा अपने क्लासमेट लक्ष्मण से कॉन्टैक्ट में थी। लक्ष्मण ही श्रद्धा के पिता विकास मदन वॉकर को जानकारी देता था। जब श्रद्धा ने कई दिन तक लक्ष्मण का फोन नहीं उठाया तो उसने श्रद्धा के पिता को जानकारी दी। इस पर पिता ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी कोई अपडेट नहीं मिल रही है। विकास बेटी का हालचाल जानने 8 नवंबर को दिल्ली पहुंचे। जब वे उसके घर पहुंचे तो ताला लगा था। उन्होंने महरौली पुलिस में बेटी के अगवा होने की शिकायत की।

क्या श्रद्धा ने हालात के बारे में परिवार को बताया था?

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि श्रद्धा ने मां से फोन पर कहा था कि आफताब उसके साथ मारपीट करता है। श्रद्धा की मां की मौत के बाद वह अपने घर आई थी, तब उसने अपने पिता से भी मारपीट की बात कही थी।

श्रद्धा का कत्ल कब किया गया?

साउथ दिल्ली के एडिशनल DCP अंकित चौहान ने बताया, 18 मई को झगड़े के बाद आफताब ने श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने उसकी बॉडी के 35 टुकड़े किए और उन्हें फ्रिज में रख दिया। पुलिस ने बताया कि वह हर रोज रात को 2 बजे घर से निकलता और टुकड़ों को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ठिकाने लगाता।

लाश को ठिकाने कैसे लगाया?

पुलिस के मुताबिक आफताब ने शव के टुकड़े करने के लिए आरी का इस्तेमाल किया। उसने पहले उसके हाथों के तीन टुकड़े किए। इसके बाद पैर के भी तीन टुकड़े किए। इसके बाद रोज वह बैग में रखकर इन्हें फेंकने के लिए ले जाता। हत्या के बाद 300 लीटर का फ्रिज खरीदा, ताकि टुकड़े उसमें रख सके। अगरबत्ती जलाता था, ताकि बदबू को दबाया जा सके।

आफताब ने हत्या की क्या वजह बताई?

पिता की शिकायत पर पुलिस ने आफताब को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। वह शादी के लिए दबाव बना रही थी। आफताब के कई दूसरी लड़कियों से भी रिश्ते थे और श्रद्धा को उस पर शक हो रहा था। इस बात पर भी दोनों के बीच विवाद होता था। आफताब ने तंग आकर हत्या कर दी। अब पुलिस ने मर्डर का केस दर्ज कर श्रद्धा की बॉडी को सर्च करना शुरू कर दिया है।

जंगल से टुकड़े मिले, पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस ने कहा कि आफताब की निशानदेही पर हमें जंगलों से कुछ टुकड़े मिले हैं। अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि ये टुकड़े श्रद्धा के ही हैं। बाकी अंगों की भी तलाश की जा रही है। अभी जो टुकड़े मिले हैं, वो जानवर के भी हो सकते हैं। जांच के बाद ही यह साफ होगा।

क्या पुलिस लव जिहाद के एंगल से जांच कर रही है?

दिल्ली पुलिस ने कहा कि जिस तरह से लड़की की हत्या की गई और टुकड़े फेंके गए, उससे साफ होता है कि आफताब सबूत मिटाने की साजिश में जुटा हुआ था। जब मीडिया ने पुलिस से पूछा कि क्या लव जिहाद के एंगल से भी जांच की जाएगी तो पुलिस ने कहा कि अभी इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

बहरहाल, पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद आफताब जल्द ही और भी कई राज खोलेगा। वहीं, सवाल ये भी है कि आखिर वो कौन सी रंजिश थी जिसकी वजह से इस हत्या को अंजाम दिया गया। और अगर श्रद्धा लिव इन में रहने के साथ अगर शादी की बात भी कर रही थी तो इसमें गलत भी क्या था?  अब श्रद्धा इस दुनिया में नहीं है लेकिन मरने के बाद एक बार फिर लिव इन में रिश्तों का कत्ल हुआ है। कत्ल हुआ है भरोसे का, इंसानियत का।

Exit mobile version